नीतीश नहीं तो निशांत बनें, बिहार में भाजपा का सीएम बना तो जनता माफ नहीं करेगी : पप्पू यादव
पूर्णिया से सांसद पप्पू यादव ने यूपी के मथुरा में मीडिया से बातचीत में कहा कि अगर बिहार में भाजपा का मुख्यमंत्री बनता है तो जनता कभी माफ नहीं करेगी। अगर नीतीश सीएम नहीं रहना चाहते हैं तो उनके बेटे निशांत को मुख्यमंत्री बनाया जाना चाहिए।

बिहार के पूर्णिया से सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव ने भारतीय जनता पार्टी पर क्षेत्रीय पार्टियों को खत्म करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि यदि बिहार में नीतीश कुमार या उनके बेटे निशांत मुख्यमंत्री नहीं बनते हैं, तो वहां की जनता इनको कभी माफ नहीं करेगी। बिहार ने नीतीश कुमार के नाम पर वोट दिया है। अगर भाजपा का सीएम बनेगा तो बिहार की जनता कभी माफ नहीं करेगी।
पप्पू यादव गुरुवार को उत्तर प्रदेश के मथुरा पहुंचे और द्वारिकाधीश मंदिर के दर्शन और विश्राम घाट पर यमुना की पूजन करने के बाद पत्रकारों से मुखातिब हुए। उन्होंने कहा कि आज नीतीश कुमार की क्या मजबूरी हो गई, ये तो वही जानें, लेकिन बिहार की जनता इन्हें कभी माफ नहीं करेगी। अगर सीएम बनाना है तो नीतीश के बेटे निशांत कुमार को बनाएं, या वे खुद बने रहें।
'बोइएगा बबूल तो क्या खाइएगा खजूर'
बिहार में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राज्य सभा में जाने के मामले में तंज कसते हुए सांसद पप्पू यादव ने कहा कि बोईये पेड़ का बबूल तो क्या खाइएगा खजूर की कहावत आज सत्य हो रही है। नीतीश ने भाजपा को साथ लेकर बबूल का जो बीज बोया था और वही कांटे उनके लिए मुसीबत बन गए हैं।
एक सवाल के जबाव में उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने भारत को किस चीज में नंबर वन किया है? यहां के लोग लाइन में लग रहे हैं, आत्महत्या करने के लिए मजूबर हैं, किसान मर रहे हैं, नोटबंदी में 400 लोगों को मार दिया गया, व्यापारी को खत्म कर दिया गया, जीएसटी में लोग मरे। डॉलर के सामने रुपया की कीमत कहां चली गई, शेयर मार्केट खत्म हो गया। आखिर किस चीज में भारत को नंबर वन कहें।
मिडिल ईस्ट में चल रही जंग पर पप्पू यादव ने कहा कि युद्ध को अविलंब रोकने की जरूरत है। युद्ध विराम का असर कई सालों तक देखने को मिलेगा, जो महंगाई बढ़ गई अब वो कम नहीं होगी। देश की अर्थव्यवस्था खराब हो गई है। बच्चों और बेरोजगारों को लाइन में खड़ा कर दिया गया, नौकरियां खत्म हो गई हैं। अब माता-बहनों को गैस के लिए लाइन में लगवा रहे हैं। सांसद ने आरोप लगाया कि हम रूस और ईरान जैसे अच्छे दोस्त को छोड़कर 24 दिन बाद अमेरिका से दया की भीख मांग रहे हैं।
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर की जा रही टिप्पणी पर सांसद पप्पू यादव ने कहा कि राहुल संघर्ष और लड़ने के प्रतीक हैं। जो लोग राहुल गांधी के बारे में इस तरह की बात करते हैं, उन्हें अपने को देखकर सोचना चाहिए कि उन्हें देखकर ना जाने कितने लोग असहज हुए होंगे। उन्होंने रितिक रोशन, आदित्य पांचोली आदि अभिनेताओं के नाम लेते हुए कहा कि उनसे पूछिए कि वह कितने असहज हुए हैं। किसी पर व्यक्तिगत आलोचना करने की जरूरत नहीं होनी चाहिए।
स्मार्ट मीटर पर सांसद पप्पू यादव ने कहा कि स्मार्ट मीटर को तुरंत हटा दिया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री का स्वजातीय कोई अपराधी नहीं है। यहां ब्राह्रमण, भुमिहार, मुसलमान आदि पर ही बुलडोजर चल रहा है।
लोकसभा में यमुना प्रदूषण का मुद्दा उठाएंगे
पप्पू यादव ने कहा कि उन्होंने मथुरा में दर्शन कर कामना की है कि कंस रूपी संकट ने दुनिया को जो मुसीबत में डाला है, उससे छुटकारा मिले। सभी की खुशियों और मानव कल्याण की कामना की गई है। एक तरफ द्वारिकाधीश के दर्शन वहीं दूसरी ओर मां यमुना का पूजन कर मन को शांति मिली। सांसद ने कहा कि वह यमुना प्रदूषण के मुद्दे को संसद में उठाएंगे। जब तक यमुना नदी की सफाई नहीं होती पप्पू यादव हर लोकसभा सत्र में मुददे को उठाएगा।
संत प्रेमानंद से लिया आर्शीवाद, यमुना पूजन किया
पूर्णिया सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव गुरुवार को धार्मिक यात्रा पर मथुरा पहुंचे। यहां उन्होंने संत प्रेमानंद महाराज के दर्शन किए। उन्होंने कहा कि संत प्रेमानंद महाराज का दर्शन करके मन को शांति मिली और उनका आर्शीवाद मिला है। इसके बाद उन्होंने मथुरा में द्वारकाधीश के दर्शन किए। सांसद ने विश्राम घाट पर मां यमुना का पूजन भी किया।
दर्शनों के दौरान मथुरा के मंदिर एवं घाट पर पप्पू यादव को देख बिहार से आए श्रद्धालु खुशी से झूम उठे। उन्होंने सांसद के साथ फोटो क्लिक कराए और सेल्फी भी ली। पप्पू यादव के साथ युवा उद्योगपति राजन पाठक, पुनीत चतुर्वेदी, सचिव चतुर्वेदी, सोनू पंडित, मालाराम, गिरिराज धरन आदि मौजूद रहे।




साइन इन