‘पापा को जंगल में ले जाकर काटा था, मम्मी भी साथ में बैठी थी’; पति की हत्या में पत्नी-प्रेमी को उम्रकैद
रविकांत उर्फ नितिन पांडेय की शादी प्रियंका से हुई थी। उनके दो बच्चे हैं। रविकांत, गुजरात के राजकोट में नौकरी करता था जबकि प्रियंका बच्चों संग दलेलपुरवा के भूरेपुरवा में किराए के मकान में अलग रहती थी। घटना से आठ दिन पहले ही वह घर आया था। बेटे ने बताया कि पापा को चार पहिया वाहन में लिटा कर ले गए थे।

UP News : नाजायज संबंधों के चलते पति की हत्या करने वाली पत्नी और उसके प्रेमी को अपर जिला जज सपना त्रिपाठी ने दोषी करार देते हुए उम्रकैद और 25–25 हजार जुर्माने की सजा सुनाई। सितंबर 2023 को महिला ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया था। मृतक के बेटे ने दादी को बताया था कि पापा को गाड़ी से जंगल ले जाकर अनस ने चाकू से काटा था, मम्मी भी साथ में बैठी थी।
नौबस्ता निवासी शकुंतला पांडेय ने थाने में 3 सितंबर 2023 को मुकदमा दर्ज कराया था। बतौर आरोप उनके बेटे रविकांत उर्फ नितिन पांडेय की शादी मटियारा गांव निवासी प्रियंका से हुई थी। उनके दो बच्चे हैं। बेटा गुजरात के राजकोट में नौकरी करता था जबकि बहू बच्चों संग दलेलपुरवा के भूरेपुरवा में किराए के मकान में अलग रहती थी।
घटना से आठ दिन पहले ही वह घर आया था। एक सितंबर 2023 की शाम 7:30 बजे बेटा घर से निकला लेकिन वापस नहीं आया। कॉल करने पर मोबाइल भी बंद था। खोजबीन करने के बाद भी कोई जानकारी नहीं मिली। इसके बाद नौबस्ता थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। 3 सितंबर को दलेलपुरवा भूरेपुरवा स्थित स्कोमिया स्कूल के पास बेटे का शव झाड़ियों में पड़ा मिला।
एडीजीसी प्रदीप कुमार साहू ने बताया कि इस मामले में सुनवाई शुरू हुई। शकुंतला ने कोर्ट में दी गवाही में कहा कि पौत्र ने बताया कि पापा को चार पहिया वाहन में लिटा कर ले गए थे। मम्मी, पापा के साथ बैठी थी, जबकि वह अनस हाशमी के साथ था। अनस ने जंगल में पापा को चाकू से काटा, जहां मम्मी भी साथ में थी।
इस मामले में पुलिस ने आरोपी अनस और प्रियंका को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया। अभियोजन की ओर से 12 गवाह कोर्ट में पेश किए गए। पुलिस ने बच्चों को गवाह नहीं बनाया था। सबूतों और गवाहों के आधार पर कोर्ट ने हत्यारोपी पत्नी और उसके प्रेमी को सजा सुनाई।




साइन इन