मैं शहर में नई हूं, मेरा पति मुझे लौटा दें... बीएचयू के एक उप कुलसचिव की पत्नी ने लगाई गुहार
मैं इस शहर में नई हूं, बच्चे पिता का इंतजार कर रहे हैं। मेरा पति मुझे लौटा दें। बीएचयू के एक उप कुलसचिव पर उनकी पत्नी ने गंभीर आरोप लगाते हुए एक पत्र लिखा। पत्र आईएमएस बीएचयू के निदेशक और ट्रॉमा सेंटर प्रशासन को भेजा गया है।

यूपी के वाराणसी में बीएचयू के एक उप कुलसचिव पर गंभीर आरोप लगा है। एक महिला का पत्र वायरल हो रहा है, जिसमें उसका दावा है कि उप कुलसचिव उसके पति हैं और बिना किसी गंभीर विवाद या झगड़े के 14 दिनों से घर छोड़कर गेस्ट हाउस में रह रहे हैं। अब महिला ने गुहार लगाते हुए पति को वापस भेजने के लिए कहा है। आईएमएस बीएचयू के निदेशक और ट्रॉमा सेंटर प्रशासन को पत्र भेजकर हस्तक्षेप एवं परामर्श की चर्चा भी है। महिला ने कहा है कि मैं इस शहर में नई हूं, बच्चे पिता का इंतजार कर रहे हैं। मेरा पति मुझे लौटा दें। शनिवार को सोशल मीडिया पर एक पत्र भी वायरल हो रहा है।
महिला ने ट्रॉमा सेंटर के प्रभारी एवं प्रशासनिक अधिकारियों को संबोधित पत्र में आरोप लगाया है कि एक महिला नर्सिंग अधिकारी द्वारा बार-बार किए गए संवाद और हस्तक्षेप के कारण हमारे पारिवारिक जीवन में गलतफहमियां और अशांति उत्पन्न हुई हैं। महिला का कहना है कि वह वाराणसी में नई है और स्थानीय भाषा एवं परिस्थितियों से पूरी तरह परिचित नहीं हैं। साथ ही वह स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से भी जूझ रही हैं, जबकि उनके बच्चे भी इस स्थिति से मानसिक रूप से प्रभावित हो रहे हैं।
महिला ने ट्रॉमा सेंटर प्रशासन से अनुरोध किया है कि मामले में उचित परामर्श एवं मध्यस्थता कर उनके पति को परिवार के साथ रहने के लिए प्रेरित किया जाए, ताकि पारिवारिक जीवन सामान्य हो सके और बच्चों का भविष्य प्रभावित न हो। पत्र में महिला ने प्रशासन से मानवीय आधार पर हस्तक्षेप कर परिवार में सौहार्द एवं शांति बहाल कराने की मांग की है। महिला ने अपने पत्र में कहा है कि वो शहर में नई हैं जिसके कारण उन्हें कई परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। अकेले वो बच्चों और खुद को संभालने में समर्थ नहीं हैं। ऐसे में उन्होंने अपने पति को वापस उनके पास भेजने की गुहार लगाई है।
आईएमएस बीएचयू के निदेशक, प्रो. एसएन संखवार ने इस बारे में जानकारी देते हुए कहा कि ऐसा पत्र मिला है और ट्रॉमा सेंटर के प्रभारी से शिकायत की गई है। मुझे इसकी प्रतिलिपि मिली है। यह पारिवारिक मामला है। दोनों के साथ बातचीत के आधार पर मामले का निपटारा किया जाएगा। मामले में दोनों पक्षों को बुलाकर बात की जाएगी। महिला की ओर से पत्र मिला है। वहीं, उप कुलसचिव से भी इस बारे में जानकारी ली जा रही है। इसके बाद आगे एक्शन लिया जाएगा।




साइन इन