Pandit option in UP sub-inspector recruitment exam sparked controversy, Brajesh Pathak said strict action will be taken यूपी दरोगा भर्ती परीक्षा में 'पंडित' विकल्प पर मचा बवाल, ब्रजेश पाठक बोले- होगी सख्त कार्रवाई, Uttar-pradesh Hindi News - Hindustan
More

यूपी दरोगा भर्ती परीक्षा में 'पंडित' विकल्प पर मचा बवाल, ब्रजेश पाठक बोले- होगी सख्त कार्रवाई

यूपी दरोगा भर्ती परीक्षा में 'पंडित' विकल्प पर बवाल मच गया है। इस पर उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने पुलिस भर्ती परीक्षा में पूछे गए प्रश्न के विकल्प में पंडित शब्द के प्रयोग पर कड़ी आपत्ति दर्ज कराई है। उन्होंने कहा कि सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Sat, 14 March 2026 08:33 PMDeep Pandey लाइव हिन्दुस्तान
share
यूपी दरोगा भर्ती परीक्षा में 'पंडित' विकल्प पर मचा बवाल, ब्रजेश पाठक बोले- होगी सख्त कार्रवाई

UP News: वेब सीरीज घूसखोर पंडत के शीर्षक को लेकर उपजे विवाद के बाद अब ऐसे ही एक अन्य मामले ने तूल पकड़ा है। दरोगा भर्ती परीक्षा में एक प्रश्न ‘अवसर के अनुसार बदल जाने वाला’ मुहावरे के उत्तर में दिए गए चार विकल्पों में एक पंडित लिखे जाने का मामला शनिवार को सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुआ। इससे लोगों में आक्रोश है और विभिन्न संगठनों की आपत्तियां व तीखी टिप्पणियां सामने आ रही हैं। पूछे गए एक सवाल के विकल्प को लेकर बवाल मच गया है। उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने पुलिस भर्ती परीक्षा में पूछे गए प्रश्न के विकल्प में पंडित शब्द के प्रयोग पर कड़ी आपत्ति दर्ज कराई है। उन्होंने सख्त कार्रवाई होने की बात कही है।

पहले दिन की परीक्षा में सामान्य हिंदी के प्रश्न पत्र में पूछे गए एक सवाल को लेकर कड़ी आपत्ति जताई जा रही है। दरअसल, इस प्रश्न में पूछा गया है कि ‘अवसर के अनुसार बदलने वाला’ इस वाक्यांश के लिए एक शब्द का चयन कीजिए. इसमें चार विकल्पों में पहला है सदाचारी, दूसरा पंडित, तीसरा अवसरवादी और चौथा निष्कपट। पंडित विकल्प दिए जाने को लेकर विवाद खड़ा हो गया है।

उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने पुलिस भर्ती परीक्षा में पूछे गए प्रश्न के विकल्प में पंडित शब्द के प्रयोग पर कड़ी आपत्ति दर्ज कराई है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर किए पोस्ट में कहा कि उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती परीक्षा में आए एक प्रश्न को लेकर जो विकल्प दिए गए उन पर हमे कड़ी आपत्ति है। सरकार ने गंभीरता से संज्ञान में लिया है। किसी भी प्रश्न से किसी समाज या वर्ग की गरिमा को ठेस पहुंचती है तो यह बिल्कुल स्वीकार्य नहीं है।

उन्होंने कहा कि मैं स्पष्ट कहना चाहता हूं कि किसी भी जाति, समुदाय या परंपरा के प्रति अपमानजनक शब्दों को कोई स्थान नहीं मिलना चाहिए। पाठक ने कहा कि इस पूरे मामले की तत्काल जांच के निर्देश दिए गए हैं। संबंधित जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार सभी समाजों के सम्मान, समानता और संवेदनशीलता के सिद्धांत पर काम करती है। प्रदेश के हर नागरिक की गरिमा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:दरोगा परीक्षा पहले दिन 33% अभ्यर्थियों ने छोड़ी, इस मामले में अब तक 7 FIR भी

भाजपा के प्रदेश मंत्री अभिजात मिश्रा ने की कार्रवाई मांग

भाजपा प्रदेश मंत्री अभिजात मिश्रा ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखकर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है। सोशल मीडिया पर शनिवार दोपहर प्रश्न की प्रति प्रसारित होने के बाद इसके विरोध में तीखी टिप्पणियां सामने आ रही हैं। ‘अवसर के अनुसार बदल जाने वाला’ प्रश्न के उत्तर में दिए गए चार विकल्पों में निष्कपट, सदाचारी व पंडित के बाद चौथे नंबर पर अवसरवादी लिखा गया था।भाजपा के प्रदेश मंत्री अभिजात मिश्रा ने इसे लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखकर कार्रवाई की मांग की है।

उन्होंने पत्र में कहा है कि यह प्रश्न स्पष्ट रूप से गलत फ्रेम किया गया है। सही अर्थ में अवसर के अनुसार बदल जाने वाला या अवसरवादी होता है, लेकिन विकल्पों में पंडित को शामिल करना एक विशेष समुदाय की भावनाओं को आहत करने वाला है। पंडित शब्द विद्वान, ज्ञानी और धार्मिक सम्मान से जुड है, इसे अवसरवादी जैसे नकारात्मक अर्थ से जोड़ना पूरी तरह अनुचित, असंवेदनशील और संभवत: जानबूझकर किया गया प्रतीत होता है। अखिल भारत हिंदू महासभा ने भी मामले में दोषियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई किए जाने की मांग की है। मामले में भर्ती बोर्ड के अधिकारी कुछ कहने से इन्कार कर रहे हैं।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:यूपी पुलिस एसआई परीक्षा का फर्जी प्रश्न पत्र वायरल

ऐसे बनता है प्रश्नपत्र

पुलिस भर्ती व प्रोन्नति बोर्ड अपनी परीक्षा के प्रश्नपत्र बाहरी एजेंसी के माध्यम से बनवाता है। पद के अनुरूप विभिन्न विषयों का सिलेबस एजेंसी को उपलब्ध कराया जाता है। एक अधिकारी के अनुसार हजारों प्रश्नों को कंप्यूटर के जरिए रेंडमाइज कर अलग-अलग प्रश्नपत्र तैयार किए जाते हैं, जिन्हें गोपनीय रखा जाता है। एजेंसी के चयन को भी गोपनीय रखा जाता है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:UP में 9 लाख राज्यकर्मियों की प्रमोशन की प्रक्रिया बदली, मुख्य सचिव का आदेश जारी
लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News और Kanpur News के साथ-साथ UP Board Result, UP Board 10th Result, UP Board 12th Result और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।