UP SI Exam : यूपी पुलिस एसआई परीक्षा का फर्जी प्रश्न पत्र वायरल, भर्ती बोर्ड ने कहा- एग्जाम से कोई लेना देना नहीं
UP Police SI Exam: परीक्षा से ऐन पहले सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एसआई प्रश्न को भर्ती बोर्ड ने फर्जी करार दिया है। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड ने शनिवार को कहा कि सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा पेपर पूरी तरह भ्रामक है और इसका परीक्षा से कोई लेना देना नहीं है।

UP Police SI Exam : यूपी पुलिस एसआई भर्ती परीक्षा आज शनिवार 14 मार्च और रविवार 15 मार्च को राज्य के 75 जिलों में आयोजित की जा रही है। यूपी पुलिस में एसआई के 4543 पदों पर भर्ती के लिए 15 लाख 75 हजार 760 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है। परीक्षा से ऐन पहले सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एसआई प्रश्न को भर्ती बोर्ड ने फर्जी करार दिया है। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड ने शनिवार को कहा कि सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा पेपर पूरी तरह भ्रामक है और इसका परीक्षा से कोई लेना देना नहीं है। बोर्ड ने कहा, 'उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड यह पुष्टि करता है कि यह एक भ्रामक प्रश्नपत्र है जिसे विभिन्न प्लेटफार्मों से वायरल किया जा रहा है। इस प्रकार कोई प्रश्न पत्र आयोजित उपनिरीक्षक परीक्षा से सम्बंधित नहीं है। इसे वायरल करने वाले विभिन्न प्लेटफॉर्म और व्यक्तियों के विरुद्ध अभियोग पंजीकृत किया जा रहा है। कृपया ऐसे भ्रामक सूचनाओं के झांसे में न आएं।'
यूपी पुलिस भर्ती बोर्ड ने एक अन्य निर्देश में कहा, 'उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा भर्ती परीक्षा में शुचिता बनाए रखने के लिए तथा पेपर लीक की भ्रामक सूचनाओं, पेपर क्रय -विक्रय, परीक्षा में नकल, साल्वर गैंग अथवा अन्य किसी भी अवांछनीय गतिविधि के संबंध में अनवरत निगरानी रखी जा रही है। प्रकाश में आया कि UP SI EXAM_14 March 2026_Shift-1 के रूप में भ्रामक प्रश्न पत्र विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर प्रसारित किये जा रहे हैं जो पूर्णतः भ्रामक ,झूठे व निराधार हैं।
पेपर लीक की निराधार सूचानाओं के प्रति भर्ती बोर्ड विभिन्न एजेंसियों के सहयोग से कठोरतम वैधानिक कदम तत्परता से उठा रहा है। पुनः बोर्ड चेतावनी देता है कि ऐसे आपराधिक कृत्यों के न सहयोगी बनें ना इनके झांसे में आएं। बोर्ड द्वारा पेपर लीक की भ्रामक सूचनाओं से सम्बन्धित एफआईआर दर्ज कराने की कार्यवाही निरंतर प्रक्रिया में है। परीक्षा की शुचिता बनाए रखने में किसी भी प्रकार का उल्लंघन करने पर सम्बन्धित व्यक्ति के विरूद्ध नियमानुसार कठोर दंडात्मक कार्यवाही सुनिश्चित की जायेगी।'
4 एफआईआर दर्ज
बोर्ड ने कहा - 'उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा भर्ती परीक्षा में शुचिता बनाए रखने के लिए तथा पेपर लीक की भ्रामक सूचनाओं, पेपर क्रय -विक्रय, परीक्षा में नकल, साल्वर गैंग अथवा अन्य किसी भी अवांछनीय गतिविधि के संबंध में अबतक कुल 04 एफआईआर दर्ज करायी जा चुकी हैं । अभ्यर्थियों को भ्रमित करने और उनके आर्थिक दोहन की मंशा से किए जाने वाले यह कृत्य अपराध की श्रेणी में आते हैं।'
दरोगा परीक्षा से पहले सॉल्वर गिरोह के दो शातिर दबोचे, कई हिरासत में
उप निरीक्षक नागरिक पुलिस एवं समकक्ष भर्ती-2025 की लिखित परीक्षा से पहले शुक्रवार को टप्पल पुलिस व एसओजी ने बड़ी कार्रवाई की। सॉल्वर गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया गया। मुख्यारोपी परीक्षार्थी को पेपर उपलब्ध कराने वाला था। इसके लिए एडवांस में रुपये भी ले लिए थे। इसके विरोध में एक आरोपी के परिजनों ने हंगामा कर दिया और पुलिस की जीप के सामने लेट गए। जैसे-तैसे पुलिस आरोपियों को थाने लाई। देर रात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की तैयारी थी। उधर, मौके पर एसटीएफ भी पहुंच गई। उनका दावा था कि कार्रवाई एसटीएफ की है। इसके अलावा जिले के अलग-अलग क्षेत्रों से कई संदिग्ध लोगों को हिरासत में लिया गया है, जिनसे देररात तक पूछताछ की जा रही थी। सीओ खैर संजीव कुमार तोमर ने बताया कि सूचना मिली कि टप्पल क्षेत्र में सॉल्वर गिरोह का व्यक्ति परीक्षा से पहले पेपर उपलब्ध कराने वाला है। इस पर टप्पल थाना पुलिस व देहात एसओजी की टीमों ने संयुक्त रूप से जट्टारी क्षेत्र से दोनों आरोपियों को पकड़ लिया। इनके नाम टप्पल क्षेत्र के गांव छज्जूपुर निवासी ललित पुत्र प्रेमपाल व गांव इतवारपुर निवासी हरिकेश पुत्र घमंडी सिंह हैं। इनमें ललित सॉल्वर गिरोह का सदस्य है, जो पूर्व में साल 2020 में नोएडा पुलिस की ओर से जेल जा चुका है। वहीं, हरिकेश परीक्षार्थी है। इसकी शनिवार को मैनपुरी में परीक्षा थी। ललित ने हरिकेश से कहा था कि वह परीक्षा से एक घंटे पहले उसे पेपर उपलब्ध करवा देगा। ललित के पास कई प्रवेश पत्र बरामद हुए हैं।




साइन इन