यूपी दरोगा भर्ती परीक्षा पहले दिन 33% अभ्यर्थियों ने छोड़ी, इस मामले में अब तक 7 मुकदमे भी
यूपी में दरोगा भर्ती परीक्षा के पहले दिन 33 प्रतिशत अभ्यर्थियों ने परीक्षा छोड़ दी है। कड़े सुरक्षा प्रबंधों के बीच उत्तर प्रदेश के सभी जिलों में दोनों पालियों परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।

UP News: यूपी में उप निरीक्षक(दरोगा) नागरिक पुलिस व समकक्ष पदों पर भर्ती के लिए हुई लिखित परीक्षा में पहले दिन शनिवार को 33 प्रतिशत अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। कड़े सुरक्षा प्रबंधों के बीच सभी जिलों में दोनों पालियों परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। पहले दिन की परीक्षा के लिए लगभग 1.36 लाख अभ्यर्थियों ने अपने प्रवेशपत्र ही डाउनलोड नहीं किए थे। पुलिस भर्ती व प्रोन्नति बोर्ड ने विभिन्न चैनलों के जरिए भ्रामक सूचनाएं प्रसारित कर धन उगाही व ठगी का प्रयास करने वालों के विरुद्ध लखनऊ की हुसैनगंज कोतवाली में अब तक सात मुकदमे दर्ज कराए हैं। भ्रामक सूचना फैलाने वालों में अब तक सात मुकदमे दर्ज हो चुके हैं।
दरोगा भर्ती परीक्षा सभी जिलों में कुल 1090 परीक्षा केंद्रों में हुई। शनिवार सुबह 10 बजे से 12 बजे के मध्य पहली पाली की परीक्षा में कुल 2,63,838 अभ्यर्थी सम्मिलित हुए। जबकि दोपहर तीन बजे से पांच बजे के मध्य हुई दूसरी पाली की परीक्षा में कुल 2,67,927 अभ्यर्थी सम्मिलित हुए। पहले दिन कुल 5,31765 अभ्यथियों ने परीक्षा दी। भर्ती बोर्ड के अधिकारियों के अनुसार पहले दिन कुल 787880 अभ्यर्थियों को परीक्षा देनी थी। इनमें एक लाख 26 हजार अभ्यर्थी अनुस्थित रहे और लगभग एक लाख 30 हजार से अपने प्रवेशपत्र ही डाउनलोड नहीं किए थे। कुल 67 प्रतिशत से अधिक अभ्यर्थियों ने परीक्षा में प्रतिभाग किया।
अब तक हुए ये मुकदमे
लखनऊ की हुसैनगंज कोतवाली में भर्ती बोर्ड की ओर से अब तक सोशल मीडिया के प्लेटफार्म एक्स, टेलीग्राम, व्हाट्सएप व यू-ट्यूब पर भ्रामक सूचना फैलाकर धन उगाही व ठगी करने वालों तथा माहौल बिगाड़ने का प्रयास करने वालों के विरुद्ध सात मुकदमे दर्ज कराए गए हैं। इनमें टेलीग्राम पर यूपी एसआई यूपी पुलिस, रिजल्ट पैनल प्राइवेट लिमिटेड, यूपी एसआई एक्जाम पेपर एक्जाम लीक, सीबीएसई वाला, यूपीएसआई एक्जाम 2026 एडमिन पंकज सर नाम से ग्रुप व चैनल बनाकर भ्रामक संदेश चलाने वालों के विरुद्ध एफआइआर दर्ज की गई है। जबिक एक्स पर @isinghniharika द्वारा भर्ती बोर्ड के एक्स अकाउंट पर प्रतिउत्तर कर ‘लखनऊ में चेक कीजिए ठीक से पेपर लीक हो रहा है। बलिया,बनारस सेंटर पर भी पेपर आउट हो रहा है’ की गई पोस्ट पर भी एफआईआर दर्ज कराई गई है। यू-ट्यूब चैनल @VIRATVISIONK वाट्सएप पर परीक्षा से पहले फर्जी पेपर का वीडियो वायरल करने के मामले में भी उप्र सार्वजनिक परीक्षा (अनुचित साधनों का निवारण) अधिनियम - 2024, आईटी एक्ट व अन्य धाराओं में मुकदमे पंजीकृत कराए गए हैं।
भ्रमित न हो अभर्ग्थी
पुलिस भर्ती व प्रोन्नति बोर्ड के अध्यक्ष एसबी शिरडकर का कहना है कि परीक्षा को लेकर भ्रामक सूचनाएं प्रसारित करने वालों के विरुद्ध कठोर दंडात्मक वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित कराई जा रही है। अभ्यर्थी ऐसे भ्रामक संदेशों से सावधान रहें व परीक्षा की तैयारी पूर्ण मनोयोग से करें।




साइन इन