पुलिस को ठेंगा दिखा गया किडनी कांड का मास्टरमाइंड, कोर्ट में किया सरेंडर
किडनी के काले कारोबार में शामिल दिल्ली ओटी मैनेजर को पुलिस नहीं पकड़ सकी। उसने अब कोर्ट में सरेंडर कर दिया है। जहां से उसे जेल भेज दिया गया। हालांकि इस दौरान वह कई दिन कानपुर में भी रहा, वकीलों से संपर्क भी किया।

किडनी के काले कारोबार में शामिल दिल्ली के उत्तम नगर के रहने वाले ओटी मैनेजर मुदस्सिर अली सिद्दीकी को पुलिस नहीं पकड़ सकी। अंतत: वह एसीजेएम की एक कोर्ट में सरेंडर कर जेल चला गया। इस दौरान वह कई दिन कानपुर में भी रहा, वकीलों से संपर्क भी किया। बड़ी बात यह है कि पुलिस को उसके सरेंडर करने की जानकारी के बाद भी वह उसे नहीं पकड़ सकी। अब पुलिस कस्टडी रिमांड लेने की बात कर रही है। पुलिस इस मामले में 10 आरोपियों को पहले जेल भेज चुकी है। मुदस्सिर 11वां आरोपी है। वह डॉक्टर अली के नाम मशहूर है। उस पर कानपुर में 30 से ज्यादा हुए किडनी ट्रांसप्लांट के ऑपरेशन करने का आरोप है।
रावतपुर के केशवपुरम स्थित आहूजा हॉस्पिटल में बीते 29 मार्च को अवैध तरीके से किडनी ट्रांसप्लांट का मामला सामने आया था। कल्याणपुर के मेडलाइफ हास्पिटल में बिहार का डोनर आयुष कुमार और प्रिया अस्पताल के आईसीयू में मुजफ्फर नगर की पारुल तोमर भर्ती मिली थी। जिसके बाद सालों से चल रहे इस खेल का खुलासा हुआ।
पुलिस ने इस मामले में 10 लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। जांच में दिल्ली के उत्तम नगर निवासी मुदस्सिर अली सिद्दीकी उर्फ डॉ. अली का नाम सामने आया। पुलिस की कई टीमें उसकी तलाश में दिल्ली, मेरठ, नोएडा और गाजियाबाद में खाक छान रही थीं। उसकी कोई लोकेशन न मिलने पर पुलिस की टीमें वापस आ गईं। अंतिम टीम बुधवार तड़के दिल्ली से वापस आयी।
दरअसल पुलिस को इस बात की जानकारी हो गई थी कि अली सरेंडर करने वाला है। अली के अधिवक्ता मोहित द्विवेदी ने बताया कि 13 अप्रैल को सरेंडर अर्जी कोर्ट में दी गई थी। कोर्ट ने 16 अप्रैल तक रिपोर्ट मांगी थी। विवेचक मनोज कुमार विश्वकर्मा गुरुवार को रिपोर्ट लेकर कोर्ट पहुंचे। कोर्ट में दाखिल रिपोर्ट में विवेचक ने कहा कि किडनी कांड मामले में दर्ज रिपोर्ट में विवेचना के दौरान अली का नाम सामने आया है। वह वांछित अभियुक्त है। जिसके बाद अली ने कोर्ट में सरेंडर किया। अधिवक्ता के मुताबिक विवेचक की रिपोर्ट के बाद कोर्ट ने अली को न्यायिक अभिरक्षा में लेकर जेल भेज दिया।




साइन इन