भीषण गर्मी में फटा 400 केवीए ट्रांसफार्मर का केबल बॉक्स, आधे गांव की बिजली आपूर्ति घंटों ठप
Orai News - आटा में शुक्रवार को भीषण गर्मी के बीच बिजली संकट उत्पन्न हुआ जब 400 केवीए ट्रांसफार्मर का केबल बॉक्स फट गया। इससे आधे गांव की बिजली आपूर्ति ठप हो गई, जिससे जनजीवन प्रभावित हुआ। बिजली विभाग ने मरम्मत का काम शुरू कर दिया है और आश्वासन दिया है कि रात तक बिजली बहाल कर दी जाएगी।

आटा, संवाददाता । भीषण गर्मी के बीच आटा में शुक्रवार को बड़ा बिजली संकट खड़ा हो गया, जब दोपहर करीब दो बजे 400 केवीए ट्रांसफार्मर का केबल बॉक्स अचानक फट गया और देखते ही देखते आधे गांव की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। तेज धूप और उमस भरी गर्मी में बिजली गुल होते ही लोगों का जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो गया, घरों में लगे पंखे-कूलर बंद हो गए, पानी की मोटरें ठप पड़ गईं और छोटे व्यापारियों का कामकाज भी प्रभावित हुआ, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रांसफार्मर से अचानक तेज आवाज के साथ धमाका हुआ और केबल बॉक्स फट गया जिसके बाद क्षेत्र की बिजली आपूर्ति पूरी तरह बाधित हो गई, सूचना मिलते ही बिजली विभाग में हड़कंप मच गया और कर्मचारी मौके पर पहुंचकर खराबी दूर करने में जुट गए।
हालांकि गर्मी और तकनीकी दिक्कतों के चलते मरम्मत कार्य में समय लग रहा है। पावर हाउस के एसएचओ ने बताया कि केबल बॉक्स में खराबी आने के कारण आपूर्ति बाधित हुई है और विभाग की टीम लगातार काम कर रही है, उन्होंने आश्वासन दिया कि देर रात तक बिजली आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी, लेकिन घंटों तक बिजली न आने से लोगों का धैर्य जवाब देता नजर आया और ग्रामीणों में विभाग के प्रति नाराजगी भी देखने को मिली, लोगों का कहना है कि भीषण गर्मी के समय इस तरह की लापरवाही उनकी परेशानी को और बढ़ा रही है, ग्रामीणों ने मांग की है कि बिजली व्यवस्था को दुरुस्त किया जाए और ऐसे ट्रांसफार्मरों की समय-समय पर जांच हो, ताकि गर्मी के मौसम में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके और लोगों को राहत मिल सके।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन