जर्जर केबल से खतरा, चार दिन से बिजली सप्लाई बंद
Shravasti News - श्रवस्ती जिले के भंगहा बाजार के मुख्य चौराहे पर बिजली व्यवस्था की बदहाली अब लोगों के लिए परेशानी ही नहीं, जान के खतरे का कारण बनती जा रही है।
हरिहरपुररानी, श्रावस्ती। श्रवस्ती जिले के भंगहा बाजार के मुख्य चौराहे पर बिजली व्यवस्था की बदहाली अब लोगों के लिए परेशानी ही नहीं, खतरे का कारण बनती जा रही है। यहां स्थापित 250 केवी ट्रांसफार्मर से जुड़े करीब 100 उपभोक्ता पिछले चार दिनों से भीषण गर्मी के बीच अंधेरे में जीवन यापन करने को मजबूर हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार, ट्रांसफार्मर से निकलने वाली केबिल पूरी तरह जर्जर हो चुकी है। कई जगहों पर उसे जोड़कर किसी तरह चलाया जा रहा है।यही वजह है कि आए दिन केबिल में स्पार्किंग होती रहती है और लाइन बार-बार बाधित हो जाती है। हालात इतने खराब हैं कि कई बार चलती लाइन का केबिल टूटकर बीच सड़क पर गिर चुका है।
चौराहे पर हमेशा राहगीरों का आना- जाना लगा रहता है, कई दुकाने भी है लेकिन गनीमत यह रही कि अब तक कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ, लोगों में हर समय अनहोनी का डर बना रहता है। बिजली संकट से जूझ रहे उपभोक्ताओं में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। विभु मिश्रा, छोटू सोनी, राम कुमार सोनी, जमील अंसारी, रज्जब अली अंसारी, भड़कने और रियाज सहित कई लोगों ने बताया कि समस्या को लेकर कई बार संबंधित अवर अभियंता से शिकायत की गई, लेकिन हर बार उन्हें केवल आश्वासन ही मिला।आरोप है कि विभागीय अधिकारी समस्या के समाधान में लगातार टालमटोल कर रहे हैं। भीषण गर्मी के इस दौर में बिजली न होने से लोगों का जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया है। दिन में गर्मी और उमस से राहत नहीं मिल पा रही है, वहीं रात में अंधेरे के कारण लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जीव जंतु का खतरा बना रहता है और घरेलू कामकाज भी प्रभावित हो रहे हैं।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन