One person killed after lightning struck the Indo Gulf Explosives Factory in Jhansi झांसी के एक्सप्लोसिव फैक्ट्री पर गिरी बिजली, भीषण धमाके से दहल उठा इलाका; एक की मौत, Uttar-pradesh Hindi News - Hindustan
More

झांसी के एक्सप्लोसिव फैक्ट्री पर गिरी बिजली, भीषण धमाके से दहल उठा इलाका; एक की मौत

झांसी के इंडो गल्फ एक्सप्लोसिव फैक्ट्री में आकाशीय बिजली गिरने से तेज धमाका हो गया। विस्फोट इतना जबरदस्त था कि आसपास के घरों में दरारें आ गईं और खिड़कियों के शीशे टूटकर दूर जा गिरे। हादसे में एक ड्राइवर की मौत हो गई। जबकी अन्य तीन घायल हो गए।

Sat, 21 March 2026 08:21 AMPawan Kumar Sharma संवाददाता, झांसी
share
झांसी के एक्सप्लोसिव फैक्ट्री पर गिरी बिजली, भीषण धमाके से दहल उठा इलाका; एक की मौत

Jhansi News: यूपी के झांसी के इंडो गल्फ एक्सप्लोसिव फैक्ट्री में शुक्रवार रात आकाशीय बिजली गिरने से तेज धमाका हो गया। विस्फोट इतना जबरदस्त था कि आसपास के घरों में दरारें आ गईं और खिड़कियों के शीशे टूटकर दूर जा गिरे। हादसे में एक ड्राइवर की मौत हो गई, तीन अन्य घायल बताए जा रहे हैं। फिलहाल पूरे इलाके को पुलिस ने घेर लिया है। किसी को भी अंदर जाने के अनुमति नहीं है। आसपास की बिजली भी काट दी गई है।

एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति ने बताया कि बबीना क्षेत्र के ग्राम पंचायत नयाखेड़ा में सुकुवां-ढुकुवां मार्ग पर इंडो गल्फ एक्सप्लोसिव फैक्ट्री है। यहां से सेना को गोला-बारूद समेत अन्य की सप्लाई की जाती है। शुक्रवार देर शाम अचानक मौसम बिगड़ा और तेज बारिश होने लगी। रात करीब 10 बजे आसमान में तेज गर्जना के साथ फैक्टरी पर आकाशीय बिजली गिरी। फैक्टरी के एक हिस्से में बिजली गिरी और वहां आग लग गई। इससे तेज धमाका हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक सूचना पर फैक्टरी मैनेजर अखिलेश अपने स्टाफ के साथ मौके पर पहुंचे तो बारूद के बचे हुए हिस्से में दोबारा धमाका हो गया। यह धमाका इतना जोरदार था कि आसपास करीब एक किमी तक का इलाका दहल गया। घरों के दरारें आने के साथ खिड़कियों के कांच टूटकर दूर जा गिरे।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:यूपी के 27 जिलों में मूसलाधार बारिश की संभावना, ऑरेंज अलर्ट जारी

धमाके की चपेट में आने से फैक्टरी में काम करने वाले अखिलेश चौकासे, मधुकर रेड्डी, सेवकराम धाकड़ और बबीना निवासी 35 वर्षीय नवल यादव झुलस गए। आनन-फानन में सभी को सीएचसी ले जाया गया। गंभीर रूप से झुलसे नवल को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। जबकि अन्य तीनों को मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया है। धमाके के सूचना पर सीओ रामवीर सिंह, बबीना थाना प्रभारी विनय कुमार साहू भी पुलिस बल के साथ पहुंचे। थाना प्रभारी ने बताया कि आकाशीय बिजली गिरने से बारूद में विस्फोट हुआ है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:यूपी में बेमौसम बारिश-बिजली से दस की मौत, तीन दिन में 12 डिग्री पारा गिरा

पूरे इलाकों को सील कर राहत एवं बचाव कार्य जारी है। शास्त्री नगर निवासी चालक नवल यादव की मौत हुई है। वहीं, आसपास के ग्रामीणों की भारी भीड़ फैक्टरी के आसपास जुटी है। कई पक्षियों के भी मरने की सूचना है। एसएसपी ने बताया कि फैक्ट्री में सुबह नौ बजे से शाम साढ़े पांच बजे तक काम होता है। जिस वक्त बिजली गिरी, वहां काम नहीं हो रहा था अन्यथा ज्यादा क्षति हो सकती थी।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:झारखंड में मौसम का कहर, कई जिलों में आंधी- बारिश से बर्बादी; बिजली गिरने से चार

आज भी कई जिलों मे ऑरेंज अलर्ट

क्षेत्रीय मौसम केंद्र, लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के मुताबिक इस मौसम का प्रभाव पूर्वी उत्तर प्रदेश, मध्य क्षेत्र और बुंदेलखंड में बने रहने की संभावना है और प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में तेज हवाएं गरज के साथ बारिश होने की संभावना है। फतेहपुर, कन्नौज, कानपुर देहात, मेरठ, अलीगढ़, मथुरा, आगरा और इटावा समेत 27 जिलों में मूसलाधार बारिश के लिए 'ऑरेंज अलर्ट' जारी किया गया है। मौसम विभाग ने कहा कि मौजूदा मौसम से अगले दो दिनों में तापमान में पांच से सात डिग्री सेल्सियस की गिरावट आ सकती है।

लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News , Pareet Yadav Death Live और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।