nirdosh hai mera beta says mother of raj singh arrested for the murder of suvendu adhikari s pa निर्दोष है मेरा बेटा, शुभेंदु अधिकारी के पीए की हत्या में गिरफ्तार राज सिंह की मां बोली, Uttar-pradesh Hindi News - Hindustan
More

निर्दोष है मेरा बेटा, शुभेंदु अधिकारी के पीए की हत्या में गिरफ्तार राज सिंह की मां बोली

बलिया के आनंद नगर निवासी राज सिंह की गिरफ्तारी को लेकर जिले के पुलिस अधिकारी फिलहाल कुछ भी बोलने से परहेज कर रहे हैं। जांच में जुटी पश्चिम बंगाल STF के सामने यूपी-बिहार के कुछ शूटरों के नाम सामने आए हैं। कोलकाता पुलिस ने बक्सर के 2 आरोपियों के साथ जिले के रहने वाले राज सिंह को भी गिरफ्तार किया है।

Mon, 11 May 2026 08:39 PMAjay Singh संवाददाता, बलिया
share
निर्दोष है मेरा बेटा, शुभेंदु अधिकारी के पीए की हत्या में गिरफ्तार राज सिंह की मां बोली

UP News : पश्चिम बंगाल के सीएम शुभेंदु अधिकारी के पीए चंद्रनाथ रथ की हत्या के मामले में गिरफ्तार राज सिंह की मां जामवंती सिंह ने अपने बेटे को निर्दोष बताया है। उनका कहना है कि उनका बेटा कभी कोलकाता नहीं गया। उन्होंने मांग की कि घर में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच कराई जाए, जिससे सच्चाई सामने आ सके।

जामवंती सिंह के अनुसार, सात मई को राज बलिया से लखनऊ एक शादी समारोह में शामिल होने गया था। उसके साथ दोस्त मोनू सिंह, चालक ओमप्रकाश सिंह और एक फोटोग्राफर भी थे। उन्होंने बताया कि सभी लोग एक गेस्ट हाउस में ठहरे थे। सात मई को सभी लोग शादी समारोह में शामिल होने चले गए, जबकि वह स्वयं गेस्ट हाउस में रुकी रहीं। रात करीब 12 बजे सभी लोग वापस लौटे। इसके बाद आठ मई को सभी लोग अंबेडकर नगर स्थित एक मजार पर मत्था टेकने पहुंचे और वहीं रुक गए।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:कौन है UP का राज सिंह, कोलकाता पुलिस ने शुभेंदु अधिकारी के PA की हत्या में पकड़ा

अगले दिन अयोध्या पहुंचे। वहां सुबह करीब नौ बजे दर्शन करने के बाद एक ढाबे पर भोजन किया और फिर आगे के लिए रवाना हुए। इसी दौरान पुलिस टीम ने उन्हें पकड़ लिया। उनका आरोप है कि पुलिस ने पूरे दिन और पूरी रात सभी लोगों को थाने में रखा। रविवार सुबह करीब 10 बजे उन्हें राज से मिलवाया गया और कहा गया कि फ्लाइट से सभी को कोलकाता ले जाया जा रहा है। जामवंती सिंह का कहना है कि छह मई को राज बलिया में था, जहां उसने कपड़ों आदि की खरीदारी भी की थी। सात मई को सभी लखनऊ के लिए रवाना हुए थे।

आनंद नगर में मकान पर बंद है ताला, पड़ोसी मौन

बलिया के आनंद नगर निवासी राज सिंह की गिरफ्तारी को लेकर जिले के पुलिस अधिकारी फिलहाल कुछ भी बोलने से परहेज कर रहे हैं। मामले की जांच में जुटी पश्चिम बंगाल एसटीएफ के सामने यूपी और बिहार के कुछ शूटरों के नाम सामने आए हैं। बताया जा रहा है कि कोलकाता पुलिस ने बक्सर के दो आरोपियों के साथ जिले के रहने वाले राज सिंह को भी गिरफ्तार किया है।मूल रूप से गड़वार थाना क्षेत्र के बुढ़ऊ कुरेजी गांव निवासी राज सिंह की मां जामवंती सिंह डाकघर में कार्यरत हैं। परिवार शहर के आनंद नगर मोहल्ले में रहता है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:रोम के जलने पर नीरो.. बंगाल में हिंसा के बीच CM ममता के गाने पर भड़के सुभेंदु

दिव्यांग अंडा दुकानदार की हत्या में था आरोपी

राज पर करीब छह वर्ष पहले हत्या का मुकदमा दर्ज हुआ था। इस मामले में वह करीब छह माह तक जेल में बंद रहा और फिलहाल जमानत पर बाहर था। गड़वार थाना क्षेत्र के निवासी दिव्यांग अजीत गुप्ता बहादुरपुर में अंडे की दुकान चलाते थे और आनंद नगर मोहल्ले में किराये के मकान में परिवार के साथ रहते थे। 13 अक्तूबर 2020 की रात भोजन करने के बाद वह ट्राइसाइकिल से दुकान पर सोने जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में गोली मारकर उनकी हत्या कर दी गई थी। मामले की जांच में राज समेत दो लोगों के नाम सामने आने पर पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:सुभेंदु अधिकारी के बंगाल CM बनने पर पिता हुए गदगद, पहले ही दिन दिया स्पेशल टास्क
ये भी पढ़ें:दिल सच्चा न हो तो... काबा मदीना वाली सयोनी घोष की CM सुभेंदु अधिकारी को चेतावनी

क्षत्रिय महासभा का प्रदेश महासचिव है आरोपी राज

गिरफ्तार राज सिंह अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा का प्रदेश महासचिव भी बताया जा रहा है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर कई नेताओं और पुलिसकर्मियों के साथ तस्वीरें मौजूद हैं। उसके नाम से अलग-अलग फेसबुक पेज भी संचालित होने की बात सामने आ रही है। बताया जा रहा है कि वह नगर पालिका सभासद का चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहा था। सूत्रों के अनुसार, गिरफ्तारी के बाद पुलिस राज की गतिविधियों और नेटवर्क की विस्तृत जानकारी जुटाने में लगी है। साथ ही गुप्तचर एजेंसियों को भी जिले में सक्रिय कर दिया गया है।

लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News , Pareet Yadav Death Live और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।