सुभेंदु अधिकारी के बंगाल CM बनने पर पूर्व मंत्री पिता हुए गदगद, पहले ही दिन दिया स्पेशल टास्क
पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुभेंदु अधिकारी के पिता शिशिर अधिकारी ने बेटे की शपथ ग्रहण पर खुशी जाहिर की है। यूपीए सरकार में केंद्रीय राज्य मंत्री रहे पिता ने कहा कि अब भाजपा सरकार के नेतृत्व में पश्चिम बंगाल एक बार फिर से सोनार बांग्ला बनेगा।

Subhendu Adhikari: पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुभेंदु अधिकारी की शपथ को लेकर उनके पिता और पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री शिशिर अधिकारी का बयान सामने आया है। बेटे के शपथ ग्रहण कार्यक्रम को ऐतिहासिक बताते हुए पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री ने कहा कि ‘वह घर का बेटा है’ और उसके बंगाल के मुख्यमंत्री के रूप में निर्वाचित होने से पूरा परिवार खुश है। उन्होंने भरोसा जताया कि सुभेंदु एक सफल नेता के तौर पर उभरेंगे। बता दें, वरिष्ठ राजनीतिज्ञ शिशिर अधिकारी कांग्रेस नीत यूपीए 2 सरकार में ग्रामीण विकास राज्य मंत्री का पद संभाल चुके हैं।
न्यूज 18 से बात करते हुए शिशिर अधिकारी ने सुभेंदु और उनकी टीम के लिए कुछ टास्क भी निर्धारित किए। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में नई नवेली भाजपा सरकार को अपनी प्राथमिकताएं तय करके चलना चाहिए। बकौल अधिकारी, उनके अनुसार भाजपा की पहली प्राथमकिता चुनावी घोषणापत्र की अहम शर्तों को पूरा करना होगा। इसमें सबसे बड़ी शर्त, घुसपैठियों को बाहर निकालना और सीमा की फेंसिंग के काम को तेजी के साथ पूरा करना शामिल है।
बांग्लादेशी घुसपैठियों को बाहर निकालना होगा: शिशिर अधिकारी
मुख्यमंत्री बेटे की ही तरह शिशिर अधिकारी ने भी बांग्लादेश से आने वाले अवैध घुसपैठियों पर सख्त रुख अपनाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा, "राष्ट्रवाद की विचारधारा वाले लोगों को बंगाल संभालना चाहिए। बांग्लादेश से आने वाले अवैध घुसपैठियों को सबसे पहले देश से निकालना होगा।" पूर्व केंद्रीय मंत्री ने जोर दिया कि उन्हें भरोसा है कि सुभेंदु अधिकारी की सरकार को भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व का पूरा सहयोग मिलेगा। उन्होंने कहा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन में हमारा बंगाल एक बार फिर से 'सोनार बांग्ला' बनेगा।”
'सोनार बांग्ला' युग की शुरुआत: सुभेंदु अधिकारी
इससे पहले कोलकाता के ब्रिगेड मैदान में आज भाजपा नेता सुभेंदु अधिकारी का ऐतिहासिक शपथ ग्रहण समारोह संपन्न हुआ। ममता बनर्जी के 15 साल के शासन का अंत करने वाले सुभेंदु अधिकारी ने मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के कुछ घंटे पहले ही राज्य में आने वाले राजनीतिक बदलाव का संकेत दिया। उन्होंने कहा कि राज्य में भाजपा की पहली सरकार के साथ ही ‘सोनार बांग्ला’ युग की शुरुआत हो रही है।
सोशल मीडिया साइट एक्स पर लिखे एक पोस्ट में अधिकारी ने लिखा, "पश्चिम बंगाल में भाजपा का सत्ता में आना दशकों के कुशास का अंत है। राज्य अब केंद्र सरकार के साथ समन्वय, विकास, शांति और समृद्धि पर केंद्रित डबल इंजन सरकार चलाएगा। अब पश्चिम बंगाल का 'सोनार बांग्ला' युग आधिकारिक रूप से शुरू हो चुका है।




साइन इन