स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं को लेकर नया फरमान, 50 प्रतिशत रिचार्ज पर केवल इतने दिन के लिए जुड़ेगा कनेक्शन
पावर कॉरपोरेशन के आदेश के मुताबिक स्मार्ट मीटर में माइनस बैलेंस की वजह से कनेक्शन कटने पर बकाये का 50 प्रतिशत भुगतान करने पर भी तीन दिन के लिए बत्ती जोड़ी जाएगी।
UP Electicity News: यूपी में स्मार्ट बिजली मीटर ने उपभोक्ताओं की नींद उड़ा कर रख दी है। स्मार्ट मीटरों के लाइव होते ही यूपी के कई शहरों में माइनस बैलेंस वाले उपभोक्ताओं के कनेक्शन कटने शुरू हो गए हैं। उपभोक्ता अब कनेक्शन जुड़वाने के लिए विभाग के चक्कर काट रहा है। इसी बीच अब पावर कारपोरेशन ने नया फरमान जारी कर दिया है।
पावर कॉरपोरेशन के आदेश के मुताबिक स्मार्ट मीटर में माइनस बैलेंस की वजह से कनेक्शन कटने पर बकाये का 50 प्रतिशत भुगतान करने पर भी तीन दिन के लिए बत्ती जोड़ी जाएगी। आदेश जारी करते हुए साफ कहा गया है कि इन तीन दिनों में पूरा रीचार्ज न करने या बैलेंस पॉजिटिव न होने पर कनेक्शन कट जाएगा। कॉरपारेशन ने यह भी स्पष्ट किया है कि बकाया का 50 प्रतिशत जमा करके तीन दिन के लिए कनेक्शन जुड़वाने का विकल्प केवल एक बार का है।
यूपी में 70.50 लाख मीटर प्रीपेड मोड पर कर रहा काम
यूपी में 78 लाख स्मार्ट प्रीपेड मीटर लग चुके हैं, जिनमें से 70.50 लाख मीटर प्रीपेड मोड में काम कर रहे हैं। पावर कॉरपोरेशन ने 13 मार्च से स्मार्ट मीटरिंग व्यवस्था शुरू कर दी है, जिसकी वजह से नेगेटिव बैलेंस वाले उपभोक्ताओं के कनेक्शन स्वत: कट जा रहे हैं। प्रदेश में 50 लाख से ज्यादा उपभोक्ताओं के मीटर खातों में बैलेंस ऋणात्मक हैं। बीते दो दिनों में ऋणात्मक खातों की वजह से कनेक्शन कटने और उनके स्वत: न जुड़ पाने में आ रही दिक्कतों को देखते हुए यह फैसला लिया गया है।
बकाया समायोजित होता है
पावर कॉरपोरेशन ने यह भी साफ किया है कि अगर स्मार्ट प्रीपेड मीटर वाले उपभोक्ताओं का बैलेंस नेगेटिव है तो जब भी वह रीचार्ज करेगा उसका एक हिस्सा बकाया राशि के लिए कट जाता है। मसलन घरेलू कनेक्शन पर अगर 10 हजार रुपये बकाया है तो हर रीचार्ज का 10 प्रतिशत बकाया राशि में जाएगा। बकाया अगर 10-15 हजार रुपये के बीच है तो रीचार्ज में 15 प्रतिशत बकाया में समायोजित होगा। इसी तरह 15-20 हजार रीचार्ज पर 20 प्रतिशत और 20 हजार से अधिक रीचार्ज पर रीचार्ज की 25 प्रतिशत राशि बकाया में समायोजित होगी। बकाया एकमुश्त चुकता न किए जाने पर बकाया राशि पर ब्याज भी लगता है।
यूपी में दो दिन पहले सभी स्मार्ट मीटर किए गए लाइव
मध्यांचल विद्युत वितरण निगम ने शनिवार से सभी स्मार्ट मीटरों को लाइव कर दिया है। ऐसे में निगेटिव बैलेंस वाले उपभोक्ताओं के लिए संकट खड़ा हो गया है। जिले में अब तक 1,05,232 से अधिक स्मार्ट मीटर लगाए जा चुके हैं। इनमें से 95,960 मीटर कंवर्जन के बाद ऑटोमैटिक प्रीपेड सिस्टम में बदल चुके हैं। इसमें से 74,840 उपभोक्ताओं पर करीब 23 करोड़ 77 लाख रुपये बिजली निगम का बकाया है। इन उपभोक्ताओं के पास निगेटिव बैलेंस का मैसेज भी पहुंच रहा है।




साइन इन