मुसलमानों के लिए हाईवे नहीं है...दिल्ली-देहरादून हाईवे पर लिखी टिप्पणी, पुलिस ने काले रंग से कराया पेंट
सहारनपुर स्थित दिल्ली-देहरादून ग्रीन फिल्ड नेशनल हाईवे के एलिवेटेड फ्लाईओवर की प्रोटेक्शन शील्ड पर अज्ञात लोगों ने मुस्लिम समाज को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी लिखकर माहौल खराब करने की कोशिश की है।

यूपी के सहारनपुर स्थित दिल्ली-देहरादून ग्रीन फिल्ड नेशनल हाईवे के एलिवेटेड फ्लाईओवर की प्रोटेक्शन शील्ड पर अज्ञात लोगों ने मुस्लिम समाज को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी लिखकर माहौल खराब करने की कोशिश की है। टिप्पणी में लिखा गया कि मुसलमानों के लिए नहीं है ये हाईवे। इसकी सूचना पर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और टिप्पणी पर पेंट कर दिया। बाद में एनएचएआई कर्मचारी की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
शुक्रवार को गणेशपुर से निकल रहे दिल्ली-देहरादून नेशनल हाईवे के एलिवेटेड फ्लाईओवर पर वाहनों की सेफ्टी और साउंड रोकने के लिए लगाई गई प्रोटेक्शन शील्ड पर काले और सफेद रंग के स्प्रे पेंट से आपत्तिजनक टिप्पणी लिखकर माहौल खराब करने की कोशिश की गई। घटना की सूचना थाना पुलिस को दी गई। थाना प्रभारी अक्षय शर्मा तुरंत मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक वहां से टिप्पणी लिखने वाले फरार हो चुके थे। पुलिस ने आपत्तिजनक लिखे गए शब्दों को हटवाया है। बाद में एनएचएआई में कार्यरत कर्मचारी सुनील कुमार पुत्र महेंद्र सिंह निवासी बनजारेवाला की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस जांच पड़ताल मे जुटी हुई है।
सीसीटीवी फुटेज देख रही पुलिस
हाईवे पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी पुलिस देख रही है। एक वर्ग के बारे में आपत्तिजनक टिप्पणी लिखी गई है। पुलिस आरोपियों की पहचान करने में जुटी है। इसके लिए एसपी देहात सागर जैन पुलिस की तीन टीमों को लगाया है। इस मामले में एसपी देहात सागर जैन ने बताया, मुस्लिम समाज को लेकर अज्ञात लोगों ने आपत्तिजनक टिप्पणी लिखी है, जिसको हटवा दिया गया है। इसके साथ ही अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। माहौल खराब करने की कोशिश करने वाले आरोपियों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।
सपा सांसद ने मुस्लिमों पर जुल्म होने का लगाया था आरोप
कुछ दिन पहले संभल के सपा सांसद जियाउर्रहमान बर्क के पिता मौलाना ममलूकुर्रहमान बर्क के एक बयान ने राजनीतिक गलियारों में नई बहस छेड़ी थी। एक न्यूज एजेंसी को दिए गए साक्षात्कार में उन्होंने मौजूदा हालात पर चिंता जताते हुए कहा था कि मुसलमानों को लगातार निशाना बनाया जा रहा है। मौलाना ममलूकुर्रहमान बर्क ने कहा कि आज मुसलमानों पर अत्याचार हो रहे हैं, उनकी मस्जिदों और मदरसों पर बुलडोजर चलाए जा रहे हैं और वक्फ बोर्ड की संपत्तियों पर कब्जे की कोशिशें की जा रही हैं। उन्होंने मॉब लिंचिंग और बलात्कार जैसी घटनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि इस तरह की घटनाएं समाज के लिए बेहद चिंताजनक हैं।




साइन इन