Shine City scam Fugitive Rashid Naseem from UP arrested in UAE accused of 1000 crore fraud शाइन सिटी घोटाला: यूपी का भगोड़ा राशिद नसीम UAE में गिरफ्तार, 1000 करोड़ के फर्जीवाड़े का आरोपी, Uttar-pradesh Hindi News - Hindustan
More

शाइन सिटी घोटाला: यूपी का भगोड़ा राशिद नसीम UAE में गिरफ्तार, 1000 करोड़ के फर्जीवाड़े का आरोपी

प्रवर्तन निदेशालय के निवेश धोखाधड़ी केस में वांछित शाइन सिटी ग्रुप के प्रमोटर राशिद नसीम को यूएई के दुबई में गिरफ्तार किया गया। लखनऊ की अदालत पहले ही उन्हें भगोड़ा घोषित कर 127.98 करोड़ की संपत्ति जब्त करने का आदेश दे चुकी है।

Fri, 27 Feb 2026 03:08 PMsandeep पीटीआई, लखनऊ
share
शाइन सिटी घोटाला: यूपी का भगोड़ा राशिद नसीम UAE में गिरफ्तार, 1000 करोड़ के फर्जीवाड़े का आरोपी

यूपी में निवेश धोखाधड़ी और धन शोधन के मामले में वांछित भगोड़े राशिद नसीम को संयुक्त अरब अमीरात में गिरफ्तार कर लिया गया है। यह कार्रवाई प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के अनुरोध पर की गई। अधिकारियों के अनुसार, नसीम को दुबई में हिरासत में लिया गया है। राशिद नसीम लखनऊ स्थित शाइन सिटी ग्रुप के प्रमोटर हैं। लखनऊ की विशेष पीएमएलए अदालत ने अप्रैल 2025 में उन्हें भगोड़ा आर्थिक अपराधी अधिनियम (FEOA) के तहत अपराधी घोषित किया था। दिसंबर 2025 में अदालत ने उनकी 127.98 करोड़ रुपये की संपत्तियां जब्त करने का आदेश भी दिया था।

यूपी का भगोड़ा यूएई से गिरफ्तार

ईडी ने यह जांच उत्तर प्रदेश पुलिस द्वारा दर्ज 554 मामलों के आधार पर शुरू की थी। आरोप है कि शाइन सिटी समूह ने रियल एस्टेट योजनाओं और मल्टी-लेवल मार्केटिंग के जरिए लोगों को ऊंचे रिटर्न का लालच देकर करीब 800 से 1000 करोड़ रुपये तक जुटाए। एजेंसी का कहना है कि नसीम ने जांच से बचने के लिए समन का जवाब नहीं दिया और नेपाल के रास्ते भारत छोड़कर दुबई भाग गए थे। जनवरी 2026 में ईडी ने उनके खिलाफ एक विस्तृत डोजियर यूएई अधिकारियों को सौंपा था। अब गिरफ्तारी के बाद भारत प्रत्यर्पण की प्रक्रिया शुरू कर सकता है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:शाइन सिटी के 3 और निदेशकों पर शिकंजा, ED ने तेज की कार्रवाई
ये भी पढ़ें:शाइन सिटी कंपनी के नाम पर अरबों रुपये की ठगी करने वाले दो गिरफ्तार

सस्ते प्लॉट का सपना दिखाकर करोड़ों की ठगी

शाइन सिटी ग्रुप के प्रमोटर राशिद नसीम पर मध्यम वर्गीय लोगों को सस्ते प्लॉट और फ्लैट का सपना दिखाकर हजारों करोड़ रुपये की ठगी करने का आरोप है। निवेशकों से बुकिंग और आसान किस्तों के नाम पर बड़ी रकम जुटाई गई। जब लखनऊ और वाराणसी में ठगी के मुकदमे दर्ज होने लगे, तब मामला खुलकर सामने आया और पुलिस व जांच एजेंसियां सक्रिय हुईं।

लखनऊ के गोमती नगर थाने में ही सैकड़ों मुकदमे दर्ज हैं, जबकि प्रदेश भर में कंपनी पर लगभग तीन हजार से ज्यादा मामले बताए जाते हैं। यूपी के अलावा दिल्ली, बिहार, पश्चिम बंगाल, गुवाहाटी और महाराष्ट्र तक शिकायतें दर्ज हुईं। देशभर में 10 लाख से अधिक निवेशकों के प्रभावित होने का दावा है। मामले की जांच ईओडब्ल्यू और ईडी कर रही हैं।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:विजय माल्या, नीरव मोदी के बाद राशिद नसीम भगोड़ा आर्थिक अपराधी घोषित, दुबई भागा

फर्जीवाड़े का नया तरीका अपनाया

राशिद नसीम मूल रूप से प्रयागराज के करेली क्षेत्र का निवासी है। 2013 में उसने शाइन सिटी इंफ्रा प्रोजेक्ट प्राइवेट लिमिटेड की शुरुआत की और गोमती नगर में ऑफिस खोला। आरोप है कि उसके पास जमीन नहीं थी, फिर भी किसानों के खेतों में होर्डिंग लगवाकर उन्हें अपनी प्रोजेक्ट साइट बताता था। किसानों को इसके बदले 20 से 25 हजार रुपये प्रतिमाह दिए जाते थे। मामले सामने आने पर वह करीब तीन साल पहले दुबई भाग गया। जांच एजेंसियां अब उसके वित्तीय लेनदेन और संपत्तियों की जांच कर रही हैं।

लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।