Murder in Kanpur Retired teacher wife murdered lakhs looted crime in 12 minutes कानपुर में दिनदहाड़े घर में घुसकर मर्डर; रिटायर्ड टीचर की पत्नी की हत्या कर लाखों लूटे, 12 मिनट में कांड, Uttar-pradesh Hindi News - Hindustan
More

कानपुर में दिनदहाड़े घर में घुसकर मर्डर; रिटायर्ड टीचर की पत्नी की हत्या कर लाखों लूटे, 12 मिनट में कांड

घर के पास लगे एक सीसीटीवी की फुटेज में 12 मिनट के भीतर गले में भगवा अंगौछा डाले संदिग्ध युवक और महिला आते व जाते दिखाई दी। फुटेज में घर के गेट के पास से निकलते हुए संदिग्ध युवक मृतका के पति के सामने से गुजरा। इस फुटेज के आधार पर माना जा रहा है कि घटना 12 मिनट में अंजाम दी गई है।

Fri, 24 April 2026 09:33 AMsandeep हिन्दुस्तान, संवाददाता, कानपुर
share
कानपुर में दिनदहाड़े घर में घुसकर मर्डर; रिटायर्ड टीचर की पत्नी की हत्या कर लाखों लूटे, 12 मिनट में कांड

कानपुर के केशवपुरम जैसे पॉश इलाके में कैंसर पीड़ित बुजुर्ग महिला की हत्या कर लाखों की लूट की वारदात को अंजाम देकर आरोपी फरार हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस, फॉरेंसिक और डॉग स्क्वॉड ने जांच की। पुलिस को किसी करीबी की संलिप्तता का शक है। एक महिला समेत तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ हो रही है। आवास विकास एक के केशवपुरम के बरगद चौराहे के पास रिटायर शिक्षक हरेंद्र कुमार 55 वर्षीय पत्नी निर्मला संग रहते थे। हरेंद्र पिछले महीने ही भारतीय विद्यालय इंटर कॉलेज से प्रवक्ता पद से रिटायर हुए थे। उनकी शादीशुदा बड़ी बेटी पूजा दिल्ली में रहती है जबकि छोटी बेटी प्राची बेंगलुरु में इंजीनियर है। बेटा प्रसून हैदराबाद की एक कंपनी में इंजीनियर है।

घर में घुसकर बुजुर्ग महिला की हत्या से हड़कप

गुरुवार दोपहर पत्नी की तबीयत खराब होने पर हरेंद्र दवा लेने गए थे। करीब 40 मिनट बाद लौटे तो घर की अलमारियां खुली और सामान बिखरा मिला, जबकि निर्मला फर्श पर मृत पड़ी थीं। दिनदहाड़े हत्या की सूचना पर डीसीपी वेस्ट समेत कल्याणपुर पुलिस पहुंची। सीपी वेस्ट एसएम कासिम आबिदी ने बताया कि घटनास्थल के पास लगे सीसीटीवी फुटेज में एक महिला व युवक घर में आते-जाते दिखे हैं। पुलिस को शक है कि हत्या के बाद लूट की वारदात को अंजाम दिया गया। सोने के गहने और नकदी गायब बताई जा रही है

संदिग्ध मृतका के पति के सामने से गुजरा

कंट्रोल रूम की सूचना पर डीसीपी वेस्ट भारी पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक और डॉग स्क्वायड टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। हालांकि खोजी कुत्ता आसपास घूमकर वापस घटनास्थल पर लौट आया। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले। घर के पास लगे एक सीसीटीवी की फुटेज में 12 मिनट के भीतर गले में भगवा अंगौछा डाले संदिग्ध युवक और महिला आते व जाते दिखाई दी। फुटेज में घर के गेट के पास से निकलते हुए संदिग्ध युवक मृतका के पति के सामने से गुजरा।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:सरिया से मां-भाई को मार डाला; गांववाले बोले- सबको मार देगी, डबल मर्डर से सनसनी
ये भी पढ़ें:सगे भाई को बहन ने भांजों के साथ मिलकर मार डाला; चाकू घोंपकर आंतें निकाल दीं

मेहरी समेत 4 लोगों को पुलिस ने उठाया

फुटेज में चार सेकेंड तक हरेंद्र युवक को देखते हुए दिख रहे हैं। इस फुटेज के आधार पर माना जा रहा है कि घटना 12 मिनट में अंजाम दी गई है। हालांकि पुलिस के मुताबिक फुटेज में दिखी महिला मृतका के घर के पास के एक मकान में काम करने के लिए गई थी। फुटेज में दिखे संदिग्ध के हुलिया के आधार पर पुलिस पहचान करने में जुटी है। पुलिस ने काम करने वाली मेहरी समेत चार लोगों को उठाया है। पुलिस मृतका के पति और मोहल्ले के लोगों से भी पूछताछ कर रही है।

घर के सामने पार्क में बैठकर की रेकी

सीसीटीवी फुटेज में भगवान अंगौछा डाले संदिग्ध युवक घर की बाउंड्री से कूदता हुआ दिखा है। युवक पार्क में बैठकर मृतका के घर की रेकी करता रहा। पार्क में बैठने के कारण किसी पड़ोसी को उस पर शक भी नहीं हुआ। पुलिस के मुताबिक वारदात में युवक समेत मृतका का कोई करीबी शामिल है। वारदात करने वाला आरोपी पिछले कई दिनों से मृतका के घर की हर हलचल पर नजर रख रहा था। तभी पति के निकलते ही 12 मिनट में आरोपितों ने वारदात को अंजाम दिया। सीसीटीवी कैमरे के सामने लगे पेड़ के कारण मृतक के घर का गेट कमरे में कैद नहीं हो पाया।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:प्रयागराज में फिर एक्टिव आईएस 227; अतीक का बेटा संभाल रहा कमान

एक दिन पहले मनाया था पति का बर्थडे

निर्मला ने बुधवार को पति हरेंद्र का बर्थडे धूमधाम से मनाया था। इस मौके पर हरेंद्र ने केक काटा था। तीनों बच्चों ने वीडियो कॉल के जरिए हरेंद्र को बर्थडे की शुभकामनाएं दी थी। कोलकाता निवासी भतीजी सोनी की शादी 10 मई है। जिसमें दिवंगत बेटे प्रसून के साथ जाने वाली थी। इसके लिए बेटा प्रसून 5 मई को घर आने वाला था। भाई के कहने पर हरेंद्र सिंह ने भतीजी की शादी के लिए करीब साढ़े छह लाख की ज्वेलरी खरीदी थी और उसके नाम की एक हीरे की अंगूठी बनवाई थी।उस ज्वेलरी के डिब्बे खाली मिले है। इससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि इन्हीं गहनों के लिए हत्या की गई। सुबह भतीजी ने फोन कर पूछा था कि कब आओगी। वहीं मृतका को फर्स्ट स्टेज का ब्रस्ट कैंसर भी था।

लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News , Pareet Yadav Death Live और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।