सगे भाई को बहन ने भांजों के साथ मिलकर मार डाला; चाकू घोंपकर आंतें निकाल दीं, लेनदेन में मर्डर
अलीगढ़ में लेनदेन के विवाद में एक युवक की उसकी सगी बहन और भांजों ने चाकू से गोदकर हत्या कर दी। पोस्टमार्टम के अनुसार अफसार के शरीर पर चाकू से 10 वार किए गए। इसमें पेट, सीने, गर्दन व आंख पर चाकू मारे गए। इससे उसकी आंतें तक बाहर आ गईं।

अलीगढ़ जिले के क्वार्सी क्षेत्र के शहंशाहबाद इलाके में गुरुवार देर रात लेनदेन के विवाद में एक युवक की उसकी सगी बहन व भांजों ने चाकू से गोदकर हत्या कर दी। वह एएमयू में कैंटीन बंद करके घर लौट रहा था। पुलिस ने मामले में आरोपी बहन व तीनों भांजों को पकड़ लिया। तीनों भांजे नाबालिग हैं। पुलिस के अनुसार दोनों पक्षों के बीच 15 हजार रुपये के लेनदेन का विवाद चल रहा था। क्वार्सी क्षेत्र के शहंशाहबाद गली नंबर 10 निवासी 30 वर्षीय अफसार एएमयू के आर्यन हाल में किराये पर कैंटीन चलाता था। पूर्व में उसकी बहन व बहनोई इसका संचालन करते थे। हालांकि वर्तमान में उसकी बहन शहनाज का बेटा व दूसरी बहन के दो बेटे कैंटीन पर काम करते थे।
सगी बहनों ने भाई को चाकू गोदकर मार डाला
अफसार ने बहन को 15 हजार रुपये उधार भी दे रखे थे। गुरुवार शाम को अफसार द्वारा पैसे मांगने पर विवाद हो गया। इस पर शहनाज व भांजों ने अफसार के साथ मारपीट कर दी। इस दौरान उसका सिर फाड़ दिया। घटना के बाद अफसार पट्टी कराकर कैंटीन चला गया। वहां से रात करीब 12 बजे कैंटीन बंद करके घर लौट रहे थे। तभी दूसरी गली के मोड़ पर पहले से घात लगाए बैठे आरोपियों ने घेर लिया। इसी बीच शहनाज के बेटे ने चाकू से ताबड़तोड़ वार किए और फरार हो गए। उसे जेएन मेडिकल कॉलेज में ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई
चाकू से किए 10 वार, आंतें तक बाहर निकाल दीं
अफसार के परिवार में पत्नी व दो बेटी हैं। पत्नी गर्भवती है। घटना के बाद पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है। पोस्टमार्टम के अनुसार अफसार के शरीर पर चाकू से 10 वार किए गए। इसमें पेट, सीने, गर्दन व आंख पर चाकू मारे गए। इससे उसकी आंतें तक बाहर आ गईं। उधर, घटना के बाद शुरुआती पूछताछ में परिजनों ने पुलिस को ये जानकारी दी कि अफसार ने खुद ही चाकू मारा है।
बहन और तीन भांजों के खिलाफ मुकदमा
पुलिस ने आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसके बाद सच्चाई सामने आई। एसपी सिटी आदित्य बंसल ने बताया कि क्वार्सी क्षेत्र में लेनदेन के विवाद में एक युवक की हत्या कर दी गई। मामले में मृतक की बहन व उसके तीन भांजों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। सभी को गिरफ्तार कर लिया है। तीनों भांजे नाबालिग हैं। इस निर्मम हत्या के बाद से इलाके में सनसनी फैल गई है। और रिश्तों को शर्मसार करने वाली घटना की चर्चा हो रही है।




साइन इन