मेरी मम्मी पर केस हो, पापा को परेशान करती थीं; बेटे को वीडियो कॉल कर जेई ने सुसाइड किया
जेई सुसाइड मामले में बेटे ने भी मां पर पिता को प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। उसने कहा कि मां अलग रहती थीं और अक्सर पैसों को लेकर विवाद करती थीं। उसने पुलिस से मां के खिलाफ केस दर्ज करने की मांग की।

यूपी के रामपुर जनपद में बिजली विभाग के जूनियर इंजीनियर (जेई) रविंद्र मिश्रा (42) ने आत्महत्या कर ली। घटना से पहले उन्होंने अपने 12 वर्षीय बेटे को वीडियो कॉल किया और रोते हुए उससे बात की। इसके बाद उन्होंने पंखे से फंदा लगाकर जान दे दी। यह घटना शाहबाद थाना क्षेत्र के बिलारी मार्ग स्थित उनके किराये के मकान की है।मूल रूप से शाहजहांपुर के रहने वाले रविंद्र मिश्रा शाहबाद में तैनात थे और अकेले रहते थे। उनका बेटा अथर्व अपने ताऊ प्रभात मिश्रा के पास रहता है। शनिवार देर रात करीब 11:20 बजे रविंद्र ने अपने बड़े भाई को वीडियो कॉल कर बेटे से बात कराने को कहा। भाई ने मोबाइल बेटे को दे दिया और अपने कमरे में चले गए।
वीडियो कॉल करके सुसाइड
कुछ ही देर बाद बेटा घबराकर उनके पास पहुंचा और बताया कि पिता रो रहे हैं और फांसी लगाने की कोशिश कर रहे हैं। यह सुनते ही प्रभात ने तुरंत मोबाइल देखा और रविंद्र के सहकर्मियों को सूचना दी। मौके पर पहुंचे कर्मचारियों ने दरवाजा तोड़ा, लेकिन तब तक रविंद्र फंदे से लटक चुके थे। उन्हें तुरंत नीचे उतारकर शाहबाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। परिजनों के अनुसार, रविंद्र का अपनी पत्नी से करीब 10 वर्षों से विवाद चल रहा था। दोनों के बीच तलाक का मामला कोर्ट में विचाराधीन है।
मां पर केस चले, पापा को परेशान करती थीं- बेटा
आरोप है कि पारिवारिक कलह और मानसिक तनाव के चलते उन्होंने यह कदम उठाया। बड़े भाई प्रभात मिश्रा ने बताया कि रविंद्र की शादी 2012 में तिलहर निवासी श्रुति मिश्रा उर्फ अल्का से हुई थी और 2016 से दोनों के बीच विवाद बढ़ गया था।बेटे अथर्व ने भी मां पर पिता को प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। उसने कहा कि मां अलग रहती थीं और अक्सर पैसों को लेकर विवाद करती थीं। उसने पुलिस से मां के खिलाफ केस दर्ज करने की मांग की।
कोर्ट में चल रहा तलाक का केस
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। थाना प्रभारी के अनुसार, मामले में अभी तक कोई तहरीर नहीं मिली है। प्रथम दृष्टया मामला पारिवारिक विवाद और मानसिक तनाव से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। तहरीर मिलने पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। वहीं इस मामले पर थाना प्रभारी प्रदीप कुमार ने बताया कि शव को कब्जे में ले लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। पति-पत्नी के बीच विवाद की बात सामने आ रही है। दोनों के तलाक का केस कोर्ट में चल रहा है। फिलहाल अब तक परिजनों की ओर से तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।




साइन इन