पत्नी से कर रहा था बात, बंद हो गया मोबाइल; सऊदी में सीतापुर के युवक की मिसाइल हमले में मौत
पत्नी रितु के अनुसार पीछे से तेज आवाज भी आई। परिजनों ने उसके बाद कई बार फोन किया लेकिन मोबाइल बंद आता रहा। अगले दिन 19 मार्च को रवि गोपाल के बड़े भाई मनमोहन को रवि गोपाल के दोस्त रामनिवास ने सूचना दी, कि रियाद में हुए मिसाइल हमले में रवि की मौत हो गई है।

ईरान-इजरायल संघर्ष में सऊदी अरब में काम करने गए सीतापुर जिले के महमूदाबाद क्षेत्र के एक युवक की मिसाइल हमले में मौत हो गई। हमले के वक्त वह पत्नी से बात कर रहा था। अचानक मोबाइल बंद हो गया। अगले दिन परिवार को सूचना मिली कि मिसाइल हमले में युवक की मौत हो गई है। परिजन अब मृतक के शव को वापस भारत लाने की गुहार लगा रहे हैं। महमूदाबाद के बघाइन गांव निवासी रवि गोपाल (26) पुत्र लवनीत 18 सितंबर को सऊदी अरब से रियाद शहर में काम करने गए थे। रवि गोपाल रियाद की एक प्लास्टिक फैक्ट्री में काम करते थे। 18 मार्च की रात रवि काम खत्म करके अपने कमरे पर मौजूद थे।
भारतीय समय के अनुसार करीब 09 बजकर 20 मिनट पर उन्होंने पत्नी से बात शुरू की। 9 बजकर 53 मिनट पर रवि का फोन अचानक कटकर बंद हो गया। पत्नी रितु के अनुसार पीछे से तेज आवाज भी आई। परिजनों ने उसके बाद कई बार फोन किया लेकिन मोबाइल बंद आता रहा। अगले दिन 19 मार्च 2026 को रवि गोपाल के बड़े भाई मनमोहन को रवि गोपाल के दोस्त रामनिवास ने सूचना दी, कि रियाद में हुए मिसाइल हमले में रवि की मौत हो गई है। जिसके बाद परिजनों के पैर से जमीन खिसक गई। परिजनों ने इसके बाद डायल 112 को सूचना दी। पुलिस ने सूचना एकत्रित कर ली है।
परिवार गरीब, अकेला कमाने वाला था रवि
रवि गोपाल घर का इकलौता कमाने वाला था। रवि ने परिवार की गरीबी दूर करने के लिए सऊदी जाने का फैसला किया। 18 सितंबर 2025 को रवि सऊदी चले गए। रवि के पिता लवनीत काफी बुजुर्ग हैं। घर में पत्नी रितु, मां बैजन्ती के साथ चार वर्षीय बेटा है। बड़े भाई मनमोहन लखनऊ में प्राइवेट काम करके अपना घर चलाते हैं।
दूसरी बार सऊदी गया था रवि गोपाल
रवि गोपाल का विवाह 23 सितंबर 2020 को अटरिया थाना क्षेत्र के मिश्रपुर की रितु से हुआ था। शादी के बाद रवि गोपाल काम करने सऊदी चले गए। गत वर्ष 2025 में बहन की शादी के चलते वह घर आ गए और फिर 18 सितंबर 2025 को सऊदी चले गए। फिलहाल वह वहीं रियाद की प्लास्टिक फैक्ट्री में काम कर रहे थे।
परिजनों का रो रो कर बुरा हाल, नहीं पहुंचे अधिकारी
रवि गोपाल की मौत की सूचना के बाद परिजनों का रोकर बुरा हाल है। दो दिन से अधिक समय बीत जाने के बाद भी परिजनों को कोई सहायता नहीं मिल रही है। परिजन शव वापस लाने के लिए भटक रहे हैं। सूचना के बाद भी प्रशासनिक जिम्मेदार मौके पर नहीं गए।




साइन इन