i killed her enraged by sister s love affair brother kills her father says he did the right thing मैंने उसे मार डाला है, बहन के लव अफेयर से भड़के भाई ने की हत्या; पिता बोला-सही किया, Uttar-pradesh Hindi News - Hindustan
More

मैंने उसे मार डाला है, बहन के लव अफेयर से भड़के भाई ने की हत्या; पिता बोला-सही किया

संभल के गांव मतवाली पट्टी जग्गू में गुरुवार की रात 'हॉरर किलिंग' की वारदात सामने आई है। इस गांव के रहने वाले नोशे खां की 19 वर्षीय बेटी रूपजहां का गांव के ही दूसरे समुदाय के एक युवक के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। युवती उस युवक से शादी करने की जिद पर अड़ी थी, जबकि उसका परिवार इस रिश्ते के खिलाफ था।

Sat, 21 Feb 2026 09:30 AMAjay Singh संवाददाता, संभल (असमोली)
share
मैंने उसे मार डाला है, बहन के लव अफेयर से भड़के भाई ने की हत्या; पिता बोला-सही किया

उत्तर प्रदेश के संभल में एक 25 वर्षीय व्यक्ति ने अपनी 21 वर्षीय बहन का गला घोंटकर हत्या कर दी। गैर समुदाय के युवक से प्रेम प्रसंग से गुस्साए भाई ने बहन की गला घोंटकर हत्या कर दी। इतना ही नहीं हत्या के बाद आरोपी ने खुद डायल 112 पर कॉल कर पुलिस को बहन के कत्ल की सूचना दी। उसने फोन पर पुलिस से कहा कि मैंने अपनी बहन को मार डाला है और घर पर ही मौजूद है। इसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने हत्यारोपी भाई को गिरफ्तार कर लिया। वहीं, रूपजहां के पिता नौशे आलम के चेहरे पर बेटी की मौत का न तो अफसोस दिखा और न बेटे द्वारा बेटी की मौत के घाट उतारने का पछतावा। नौशे का कहना है कि बेटी सैनी बिरादरी के लड़के से शादी की जिद पर अड़ी थी। गांव में बदनामी हो रही थी। इसलिए बेटे ने दुपट्टे से उसका गला घोंट दिया। ऐसी लड़की को मारना सही है। हम मुसलमान हैं। बेटी का प्रेमी सैनी है। शादी कैसे कर देते।

संभल के असमोली थाना क्षेत्र के गांव मतवाली पट्टी जग्गू में गुरुवार की रात 'हॉरर किलिंग' की वारदात सामने आई है। इस गांव के रहने वाले नोशे खां की 19 वर्षीय पुत्री रूपजहां का गांव के ही दूसरे समुदाय के एक युवक के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। युवती उस युवक से शादी करने की जिद पर अड़ी थी, जबकि उसका परिवार इस रिश्ते के खिलाफ था। मामला महज घर तक सीमित नहीं रहा, बल्कि कुछ समय पूर्व यह विवाद थाने भी पहुंचा था। उस दौरान पुलिस ने दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर युवती को परिजनों के साथ घर भेज दिया था। हालांकि, युवती फैसले पर अडिग रही, जिससे परिवार में तनाव बना हुआ था। गुरुवार की रात परिवार के अन्य सदस्य गांव में ही एक शादी समारोह में शामिल होने गए थे।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:MP:भाई-बहन ने मां के शव के साथ बिताए 5 दिन, बदबू आने पर पड़ोसियों ने पुलिस बुलाई

घर पर रूपजहां और उसका भाई जाने आलम ही मौजूद थे। करीब 10:30 बजे जाने आलम ने सोती हुई बहन का गला घोंट दिया। हत्याकांड को अंजाम देने के बाद आरोपी ने खुद पुलिस को फोन किया और बताया अपनी बहन की जान ले ली है। यह सुनते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। कंट्रोल रूम की सूचना पर क्षेत्राधिकारी (सीओ) कुलदीप कुमार और थाना प्रभारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। जब पुलिस घर के भीतर दाखिल हुई, तो वहां का मंजर खौफनाक था और आरोपी वहीं खड़ा था। सीओ कुलदीप कुमार ने बताया कि पुलिस ने आरोपी भाई को गिरफ्तार कर लिया है और मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया है।

मौके से ही आरोपी भाई को को किया गया गिरफ्तार

पुलिस ने बिना वक्त गंवाए आरोपी जाने आलम को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया। अधिकारियों का कहना है कि आरोपी ने जिस तरह बेखौफ होकर अपना जुर्म कबूल किया, वह दर्शाता है कि वह इस हत्याकांड को लेकर पहले से मानसिक रूप से तैयार था।

पहले भी थाने तक पहुंचा था विवाद

युवती उस युवक से शादी करने के फैसले पर अडिग थी, जबकि परिवार इसे अपनी सामाजिक प्रतिष्ठा के खिलाफ मानकर कड़ा विरोध कर रहा था। बताया गया है कि यह विवाद कुछ समय पूर्व थाने भी पहुंचा था, जहां पुलिस ने युवती को समझाकर परिजनों के सुपुर्द कर दिया था।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:अब नहीं आऊंगी; हत्या के बाद पीयूष ने गर्लफ्रेंड के फोन से किया था मैसेज

प्रेमी की मां ने दी तहरीर

असमोली थाना क्षेत्र के गांव मतावली पट्टी जग्गू में हुई युवती की हत्या के मामले में मृतका के प्रेमी की मां ने तहरीर दी है। पुलिस ने उसके हत्यारे भाई जाने आलम के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे जेल भेज दिया है। युवक शिवम की मां हरप्यारी ने बताया कि उसके बेटे ने दो महीने पहले रूपजहां से शादी कर ली थी, लेकिन किसी को बताया नहीं था। रूपजहां की हत्या के बाद वह घर के बाहर शुक्रवार को दिन भर गुमसुम बैठी रही।

क्या बोली पुलिस

सीओ कुलदीप कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह मामला हॉरर किलिंग का है, जिसमें पारिवारिक असहमति और प्रेम प्रसंग मुख्य कारण रहा है। पुलिस ने आरोपी भाई को गिरफ्तार कर लिया है और मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया है। मामला गैर समुदाय से जुड़ा होने के कारण एहतियातन पुलिस की सतर्कता बढ़ा दी गई है।

लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News , Pareet Yadav Death Live और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।