खूंखार बंदर ने नवजात बच्चे को बनाया बंधक, घंटों तक चला हाई वोल्टेज ड्रामा, रेस्क्यू कर बचाया गया
मुजफ्फरनगर में एक बंदर ने एक छोटे मासूम बच्चे को अपना शिकार बनाते हुए उसे बंधक बना लिया। काफी देर तक चले इस ड्रामे के बाद आखिरकार बच्चे को सुरक्षित बचा लिया गया है। वहीं, ये मामला क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। इस घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

यूपी के मुजफ्फरनगर के रहने वाले चरथावल कस्बे से एक रोंगटे खड़े कर देने वाला और हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। जहां एक बंदर ने एक छोटे मासूम बच्चे को अपना शिकार बनाते हुए उसे बंधक बना लिया। काफी देर तक चले इस ड्रामे के बाद आखिरकार बच्चे को सुरक्षित बचा लिया गया है। वहीं, ये मामला क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।
जानकारी के अनुसार चरथावल कस्बे में एक बंदर अचानक एक घर में घुस आया और वहां सो रहे मासूम बच्चे के पास बैठ गया। हैरानी की बात यह रही कि बंदर ने बच्चे को इस कदर अपनी गिरफ्त में ले लिया कि वह किसी को भी उसके करीब नहीं आने दे रहा था। जैसे ही बच्चे के माता-पिता या अन्य ग्रामीण उसे छुड़ाने की कोशिश करते, बंदर हमलावर हो जाता और काटने को दौड़ता। इस घटना का एक वीडियो मामला सामने आया है। हालांकि लाइव हिन्दुस्तान इस वीडियो की पुष्टि नहीं करता है।
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में देखा जा सकता है कि बच्चा रो रहा है और बंदर उसके ऊपर बैठा हुआ है। बंदर बच्चे के साथ कभी खेलता तो कभी उसे अपनी गोद में लेने की कोशिश करता नजर आया। इस दृश्य को देखकर परिजनों का बुरा हाल था और पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पशु प्रेमी सन्नी चोपड़ा मौके पर पहुँचे। उन्होंने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए बड़ी सावधानी से ऑपरेशन शुरू किया। काफी देर की कड़ी मशक्कत और सूझबूझ का परिचय देते हुए सन्नी चोपड़ा ने बंदर को बच्चे से दूर किया और उसे सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया।
परिजनों ने ली राहत की सांस
बच्चे को सुरक्षित छुड़ाने के बाद उसे उसके माता-पिता को सौंप दिया गया। अपने कलेजे के टुकड़े को सही-सलामत वापस पाकर परिजनों की आंखों में आंसू आ गए और उन्होंने सन्नी चोपड़ा का आभार व्यक्त किया। गनीमत रही कि बंदर ने बच्चे को कोई गंभीर नुकसान नहीं पहुंचाया।




साइन इन