तीन बेटियों ने मां के साथ मिलकर पिता का गला घोंटा, नाले में शव फेंककर पड़ोसी पर लगा दिया आरोप
महोबा में रोज-रोज के झगड़ों से आजिज तीन बेटियों ने अपनी मां के साथ मिलकर पिता की गला कसकर हत्या कर दी। वहीं, पडोसी को फंसाने के लिए उस पर हत्या का आरोप लगाते हुए मुकदमा भी दर्ज करा दिया। हालांकि छह दिन पहले हुई इस घटना का पुलिस ने खुलासा करते हुए तीनों बेटियों समेत चार को गिरफ्तार कर लिया।

UP News: यूपी के महोबा से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। जहां रोज-रोज के झगड़ों से आजिज तीन बेटियों ने अपनी मां के साथ मिलकर पिता की गला कसकर हत्या कर दी। पड़ोस के एक शिक्षक पर हत्या का आरोप लगाते हुए मुकदमा भी दर्ज कराया। छह दिन पहले हुई इस घटना का पुलिस ने मंगलवार को खुलासा करते हुए तीनों बेटियों, मां और एक बेटी के दोस्त को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
पनवाड़ी के हैवतपुरा के रहने वाले 36 साल के हरिनारायण प्रजापति का शव घर के पीछे नाले में 14 अप्रैल को मिला था। परिजनों ने मारपीट कर हत्या करने का आरोप लगाते हुए पड़ोसी शिक्षक धीरज कुशवाहा के खिलाफ केस दर्ज कराया था। मंगलवार को घटना का खुलासा करते हुए पुलिस कप्तान शशांक सिंह ने बताया कि हरिनारायण शराब का आदी था और शराब से आएदिन घर पर विवाद होता था। बेटी की शादी के लिए भैंस और बकरी बेचकर 82 हजार रुपये जुटाए थे। इन रुपयों को लेकर पति-पत्नी और बेटियों में विवाद होता था। रोज-रोज के विवाद से छुटकारा पाने के लिए बेटियों ज्योति, सोनाली, पूजा और जयवीर (एक बेटी का दोस्त) ने अपनी मां रामप्यारी के साथ मिलकर पिता की हत्या करने की योजना बनाई।
14 अप्रैल को हरिनारायण की रस्सी के गला कसकर हत्या कर दी और शव को घर के पीछे नाले में फेंक दिया। पूर्व में हुए एक विवाद को लक्ष्य बनाकर पड़ोसी शिक्षक धीरज कुशवाहा के खिलाफ हत्या करने की रिपोर्ट लिखा दी। यही नहीं, बड़े ही शातिराना अंदाज में आसपास के लोगों के साथ मिलकर परिजनों ने सड़क पर जाम लगाकर हंगामा भी किया। हालांकि पुलिस की जांच में पूरा मामला खुल गया। पुलिस ने रामप्यारी, उसकी तीनों बेटियों और दोस्त जयवीर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। नाबालिग बेटे के भी वारदात में शामिल होने की आशंका पर पुलिस जांच-पड़ताल कर रही है।




साइन इन