मोहर्रम पर परंपरा के अनुसार ही ताजिया निकालने की अपील
Mirzapur News - लालगंज में मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से मनाने के लिए प्रशासन और ताजियादारों की बैठक हुई। एसडीएम ने कहा कि ताजिया पूर्व निर्धारित परंपरा के अनुसार निकाले जाएंगे। सभी को अफवाहों से दूर रहने और सुरक्षा मानकों का पालन करने की सलाह दी गई। जुलूस के दौरान सुरक्षा कड़ी रहेगी।

लालगंज। मोहर्रम पर्व को सकुशल और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए मंगलवार को कोतवाली परिसर में प्रशासन और ताजियादारों की बैठक हुई। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि इस वर्ष भी ताजिया पूर्व निर्धारित परंपरा और मार्गों के अनुसार ही निकाले जाएंगे। नई परंपरा या नए मार्ग की अनुमति नहीं दी जाएगी। बैठक की अध्यक्षता करते हुए एसडीएम अजीत कुमार ने कहा कि मोहर्रम आपसी भाईचारे और सौहार्द का पर्व है। सभी लोग मिलकर इसे शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराएं। उन्होंने अफवाहों से दूर रहने और किसी भी समस्या की सूचना तत्काल प्रशासन को देने की अपील की। सीओ अमर बहादुर सिंह ने बताया कि लालगंज क्षेत्र में 23 स्थानों से ताजिये निकलते हैं।
विद्युत सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए ताजियों की ऊंचाई सीमित रखने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि कई स्थानों पर बिजली के तार नीचे होने से सावधानी बरतना जरूरी है। पूर्व में हुई घटनाओं से सबक लेते हुए सुरक्षा मानकों का पालन कराया जाएगा।उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर भड़काऊ, आपत्तिजनक अथवा भ्रामक पोस्ट करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। जुलूस के दौरान किसी प्रकार के अस्त्र-शस्त्र का प्रदर्शन भी प्रतिबंधित रहेगा। थानाध्यक्ष वेद प्रकाश पांडे ने बताया कि सभी ताजिया स्थलों और जुलूस मार्गों पर पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी और लगातार गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। बैठक में तहसीलदार विशाल शर्मा समेत क्षेत्र के बड़ी संख्या में ताजियादार उपस्थित रहे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन