पारा @ 42, तपिश से राहगीर रहे परेशान
Mirzapur News - मिर्जापुर में शनिवार को अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस रहा, जिससे गर्मी में कोई कमी नहीं आई। स्कूल जाने वाले छात्रों को कठिनाई का सामना करना पड़ा। बिजली कटौती बढ़ गई है और लोग धूप से बचने के लिए छाता और गमछा लेकर निकल रहे हैं। किसान अपनी फसलों की सिंचाई कर रहे हैं ताकि धूप से पत्तियां झुलस न जाएं।

मिर्जापुर। जिले में शनिवार को अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस पर स्थिर रहा, बावजूद तपिश में कोई कमी नहीं आई। वहीं, आसमान में हल्के बादल नजर आए, जिससे मौसम का मिजाज एक बार फिर बदलने की आशंका हो रही है। नगर क्षेत्र में स्कूल जाने वाले छात्रों को गर्मी की मार झेलनी पड़ रही है। वहीं, जैसे-जैसे तापमान बढ़ रहा है, वैसे-वैसे बिजली भी काटी जा रही है। शनिवार की सुबह पुरानी दशमी उपकेंद्र से संचालित मोहल्ले में कई बार बिजली कटाती से लोग परेशान रहे। घरों से निकलने से पहले लोग धूप से बचाव का इंतजाम करके ही निकल रहे हैं।
महिलाएं और छात्राएं छाता साथ लेकर निकल रही हैं, जबकि पुरुष गमछा बांधकर धूप से बचाव कर रहे हैं। घर से निकलने से पहले पानी का बाटल और अन्य एहतियात भी जरूरी हो जा रहा है। हालांकि, जरूरी काम होने पर ही लोग घर से बाहर निकले। चिलचिलाती धूप में बच्चे, महिलाएं अपने घर में ही रहे। उधर धूप से हरी सब्जियों की फसलों की पत्तों को झुलसने से बचाने के लिए किसान सुबह शाम सिंचाई कर रहे हैं। किसानों ने बताया कि नेनुआ, लौकी, कोहड़ा, करैला के पौधे और पत्तियां कोमल होती हैं जो धूप लगते ही कुम्हला जाते हैं। ऐसे में पौधों को बचाए रखने के लिए सिंचाई ही एकमात्र सहारा है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन