आसमान से बरसी आग, भीषण गर्मी से बिलबिला उठे लोग
Jaunpur News - जौनपुर में 18 अप्रैल को भीषण गर्मी का सामना करना पड़ा। अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 25 डिग्री सेल्सियस रहा। लोग गर्म हवा और धूप से परेशान हैं, खासकर बच्चे स्कूल लौटते समय। सड़कों पर छांव नहीं होने से राहगीरों को काफी कठिनाई हो रही है।

जौनपुर, संवाददाता। अप्रैल माह के 18 वें दिन शनिवार को भीषण गर्मी व उमस से आम जनजीवन बेचैन हो उठा। सुबह 10 बजे से अपराह्न तीन बजे तक मानो आसमान आग बरसा रहा था। लोग दिनभर गर्म पछुआ हवा की त्रासदी झेलते रहे। अधिकतम तापमान 43 तथा न्यूनतम 25 डिग्री सेल्सियस रहा। भीषण गर्मी व उमस से लोग बिलबिला उठे। सुबह नौ बजे से ही चमड़ी उधेड़ लेने वाली धूप के साथ गर्म हवा चलने लगी थी। गर्म हवा के थपेड़े से व्याकुल राहगीर शहर से लगायत राष्ट्रीय राजमार्ग पर कहीं छांव न होने से तड़फड़ाकर रह गए। सड़क चौड़ीकरण के नाम पर शहर के तिराहे-चौराहों तथा वाराणसी लखनऊ राष्ट्रीय राजमार्ग पर सिंगरामऊ से जिले की सीमा त्रिलोचन महादेव तक एक भी बिरवा नहीं रह गया है जिसके नीचे लोग कुछ देर खड़े हो सकें।
तपिश का आलम यह कि सुबह नौ बजे के बाद घर से निकलने वाले सिर व चेहरे को पूरी तरह गमछा-तौलिया से ढ़के हुए थे। 11 बजे के बाद तो आवश्यक कार्य पड़ने पर ही कोई घर से निकलना चाह रहा था। गर्म हवा के थपेड़ों से दुपहिया वाहन सवारों को अधिक परेशानी हुई। घर से बाहर निकलने वाला हर व्यक्ति छांव खोज रहा था। दिनभर सड़कों पर घूमने वाले छुट्टा पशु भी 11 से पांच बजे के बीच नहीं दिखाई दिए। भीषण धूप और गर्मी के चलते बच्चों को स्कूल से लौटने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। परिषदीय प्राथमिक और उच्च प्रथामिक के बच्चे अधिक दिक्क्त से आवागमन कर रहे हैं। हवा की गति 15 से 40 किमी प्रति घंटा के बीच रही। सापेक्षिक आर्द्रता नौ प्रतिशत से लेकर 40 प्रतिशत के बीच रही। वायु गुणवत्ता सूचकांक 50 से 100 के बीच रहा।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन