पारा @41 डिग्री,गर्म हवा के थपेड़े संग तन झुलसाने लगी धूप
Kanpur News - कानपुर देहात में पिछले एक सप्ताह से गर्मी बढ़ रही है। शनिवार को तापमान 41 डिग्री तक पहुंच गया, जिससे लोग परेशान हैं। गर्म हवा से बचने के लिए लोग छाया तलाश रहे हैं। साथ ही, बिजली कटौती से ग्रामीण क्षेत्रों में कठिनाइयां बढ़ रही हैं। बच्चों की स्कूल समय में बदलाव नहीं होने से भी समस्या बढ़ गई है।
कानपुर देहात,संवाददाता। एक सप्ताह से मौसम का मिजाज और तल्ख हो रहा है। शनिवार को आसमान से बरसी आग से लोग बेहाल नजर आए। सुबह 11 बजे से ही गर्म हवा के झोके तन झुलसाने लगते है। शनिवार को दोपहर तापमान 41 डिग्री तक जा पहुंचा। गर्म हवा के थपेड़ों के बीच घरों से निकले लोग पेड़ की छांव तलाशते नजर आए। गर्म हवा के थपेड़ों से बचने के लिए युवक गमछा तो युवतियां छाते सहित मंुह ढक कर निकली। अप्रैल का आधा माह बीतने के साथ आसमान से बरस रही आग अभी से तन झुलसाने लगी है। गर्म हवा के थपेड़ों से बचने के लिए लोग कई जतन कर रहे है।
धूप की तल्खी बढ़ने के साथ शीतल पेय पदार्थो की मांग में भी तेजी आई है। गर्मी के बीच ठंडक पाने को लोग गन्ने का रस,लस्सी व रंगीन बर्फ के गोले की चुस्की ले रहे है। वहीं ग्रामीण क्षेत्रों में गर्मी से बचने को लोग बाग-बगीचों में दुपहरी काट रहे है। गांवों में खेतों में तैयार खड़ी पकी फसलों को आगजनी से बचाने के लिए इन दिनों सुबह दस बजे के बाद विद्युत आपूर्ति बंद रहने से दोपहर को लोग घरों से निकल छायादार पेड़ों के नीचे सुस्ता रहे है। भीषण गर्मी के बीच स्कूली बच्चों के विद्यालय समय में बदलाव नहीं होने से भरी दुपहरी बच्चों की छुट्टी होने के कारण बच्चे धूप से बचने को बस्ते सिर पर रखकर घर जाते है। एक ओर गमी्र का असर दिनों दिन बढ़ने के बाद भी नहरो रजबहों में पानी नहीं होने से पशुपालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। दोपहर के समय धूप की तल्खी अधिक तेज होने से हाई-वे तक सूना हो जाता है। बाजार की गलियों में भी दोपहर के समय सन्नाटा पसरा नजर आता है।गर्मी में भी निर्बाध आपूर्ति के बिजली विभाग के दावे फेल होने लगे हैं। रात में लोड बढते ही ट्रिपिंग और फाल्ट के कारण घंटों बिजली कट रही है। ग्रामीण इलाके में लोग परेशान हो रहे हैं। ग्रामीण फीडर पर अगर शाम को फाल्ट हो गया तो फिर उसे अगले दिन ही ठीक किया जा रहा है। इससे मच्छरों के कहर के बीच ग्रामीण रात में करवट बदलते नींद पूरी कर रहे हैं। लोगों की दिनचर्या भी प्रभावित हो रही है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन