चित्रों के माध्यम से महिला अधिकारों को किया प्रदर्शित
Mirzapur News - श्रीमती इंदिरा गांधी राजकीय पीजी कॉलेज में नारी शक्ति वंदन अभियान के तहत छात्राओं ने मानव शृंखला बनाकर एकजुटता का संदेश दिया। चित्रकला और पोस्टर प्रदर्शनी के माध्यम से महिलाओं के अधिकार और सम्मान को दर्शाया गया। वक्ताओं ने नारी की बदलती भूमिका और सशक्तीकरण पर अपने विचार साझा किए।

लालगंज। श्रीमती इंदिरा गांधी राजकीय पीजी कॉलेज परिसर बुधवार को नारी में चेतना और सशक्तीकरण के रंग में रंगा नजर आया। नारी शक्ति वंदन अभियान के तहत छात्र-छात्राओं ने मानव शृंखला बनाकर एकजुटता का संदेश दिया। वहीं चित्रकला और पोस्टर प्रदर्शनी के माध्यम से महिलाओं के सम्मान, अधिकार और सामाजिक योगदान को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया। गोष्ठी में वक्ताओं ने नारी की बदलती भूमिका और समाज में उनके बढ़ते महत्व पर अपना विचार रखा। कार्यक्रम का संचालन करते हुए डॉ. शिवधर सिंह ने कहा कि नारी सशक्तीकरण केवल शब्दों तक सीमित न रहकर व्यवहार में दिखना चाहिए। उन्हें निर्णय लेने की स्वतंत्रता मिलनी चाहिए।
इतिहास विभाग के डॉ. देवेंद्र नाथ गिरी ने कहा कि भारतीय परंपरा में नारी को शक्ति का प्रतीक माना गया है, इसलिए उनके सम्मान और अधिकारों की रक्षा करना समाज की प्राथमिक जिम्मेदारी है।कार्यक्रम प्रभारी डॉ. शिवांगी पांडेय ने कहा कि यह अभियान समाज की सोच में सकारात्मक परिवर्तन लाने का प्रयास है और छात्राओं को आत्मनिर्भर बनने की दिशा में प्रेरित करता है। वनस्पति विभाग के डॉ. राम प्रकाश पाल ने कहा कि महिलाएं आज हर क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बना रही हैं और समाज को नई दिशा दे रही हैं। राजनीति विज्ञान विभाग के डॉ. अंबेश्वरी प्रसाद पांडे ने कहा कि सशक्तीकरण को धरातल पर लागू करना ही इस तरह के अभियानों की सफलता है। भौतिक विज्ञान विभाग के अरविंद कुमार ने वैज्ञानिक युग में नारी की भूमिका को अहम बताया। अध्यक्षीय संबोधन में प्राचार्य डॉ. अजीत प्रताप सिंह ने कहा कि नारी सम्मान ही राष्ट्र की असली पहचान है, जब तक उन्हें समान अवसर नहीं मिलेगा, तब तक विकास अधूरा रहेगा।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन