यूपी के 12 जिलों को सीधे जोड़ेगा मेरठ-प्रयागराज गंगा एक्सप्रेसवे, सफर होगा आसान
मेरठ-प्रयागराज गंगा एक्सप्रेसवे यूपी के 12 जिलों को सीधे जोड़ेगा। वहीं इंटरचेंज के कारण लखनऊ, कानपुर, आगरा समेत 21 शहरों में मेरठ से आवागमन आसान हो जाएगा। ऐसे में सफर आसान हो जाएगा।

UP News: उत्तर प्रदेश के लोगों के लिए अच्छी खबर है। मेरठ-प्रयागराज गंगा एक्सप्रेसवे उत्तर प्रदेश की कनेक्टिविटी को नया आयाम देने जा रहा है। 'गंगा एक्सप्रेसवे' न केवल दूरी घटाएगा, बल्कि प्रदेश के आर्थिक विकास को भी नई गति देगा। करीब 594 किमी लंबा यह एक्सप्रेसवे पश्चिम उत्तर प्रदेश को सीधे पूरब से जोड़ेगा, जिससे राजधानी लखनऊ, ब्रज क्षेत्र और संगम नगरी प्रयागराज के बीच का सफर सुगम हो जाएगा। दावा है कि गंगा एक्सप्रेसवे से 12 जिले तो सीधे तौर पर कनेक्ट हो रहे हैं। वहीं इंटरचेंज के कारण लखनऊ, कानपुर, आगरा समेत 21 शहरों में मेरठ से आवागमन आसान हो जाएगा।
यूपीडा के एक वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार मेरठ से प्रयागराज के बीच गंगा एक्सप्रेसवे प्रदेश के 12 महत्वपूर्ण जिलों को कवर करने जा रहा है। मेरठ से प्रयागराज के बीच 21 स्थानों पर इंटरचेंज बनाए गए हैं, जो स्थानीय शहरों को मुख्य मार्ग से जोड़ रहे हैं। विशेष यह है कि गंगा एक्सप्रेसवे न केवल शहरों को जोड़ेगा, बल्कि यह कानपुर-लखनऊ हाईवे और आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे जैसे प्रमुख मार्गों से भी कनेक्ट होगा। दिल्ली से लेकर बिहार की सीमा तक आवागमन आसान हो जाएगा। कुल मिलाकर गंगा एक्सप्रेसवे के पूरा होने से प्रदेश में इंफ्रास्ट्रक्चर का मजबूत जाल बिछ जाएगा। यह न केवल आम जनता के समय की बचत करेगा, बल्कि औद्योगिक गलियारों के विकास में भी मील का पत्थर साबित होगा।
इन जिलों को सीधा जोड़ रहा है गंगा एक्सप्रेसवे
मेरठ-प्रयागराज गंगा एक्सप्रेसवे मेरठ, हापुड़, बुलंदशहर, अमरोहा, संभल, बदायूं, शाहजहांपुर, हरदोई, उन्नाव, रायबरेली, प्रतापगढ़ और प्रयागराज जिलों से सीधा जुड़ेगा। गंगा एक्सप्रेसवे से जुड़ने के बाद जिलों के सफर को रफ्तार मिल जाएगी। यहां के लोगों की यात्रा और आसान हो जाएगी। कम समय यात्रा पूरी हो सकेगी।
इन शहरों की कनेक्टिविटी भी हो जाएगी आसान
मेरठ-प्रयागराज गंगा एक्सप्रेसवे से की कनेक्टिविटी में गढमुक्तेश्वर, मुरादाबाद, बरेली, आगरा, लखनऊ, कानपुर आदि शहरों को भी रफ्तार मिलेगी। इसके साथ ही यहां के लोगों की यात्रा सुलभ और आसान हो जाएगी।




साइन इन