नारी शक्ति वंदन अधिनियम महिला नेतृत्व के लिए क्रांतिकारी कदम : प्रतिभा शुक्ला
Meerut News - - भाजपा की ओर से नारी शक्ति वंदन टाउन हॉल सम्मेलन का हुआ आयोजन

भाजपा मेरठ महानगर की ओर से शुक्रवार को नारी शक्ति वंदन अभियान के अंतर्गत नेताजी सुभाष चंद्र प्रेक्षागृह में भव्य टाउन हॉल सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य महिला सशक्तिकरण, नेतृत्व विकास और सामाजिक सहभागिता को बढ़ावा देना था। मुख्य अतिथि महिला कल्याण एवं पुष्टाहार राज्य मंत्री प्रतिभा शुक्ला ने कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम महिला नेतृत्व के लिए क्रांतिकारी कदम है। कार्यक्रम का शुभारंभ अभियान की संयोजक बीना वाधवा ने अपनी टीम के साथ किया। सम्मेलन की अध्यक्षता सुभारती विश्वविद्यालय की सीईओ शल्या राज ने की, जबकि मुख्य वक्ता के रूप में राज्य मंत्री प्रतिभा शुक्ला उपस्थित रहीं।
मंच संचालन भाजपा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य अंजू वॉरियर ने किया। सम्मेलन के दौरान लोकगीत गायिका नीता गुप्ता और कवयित्री कोमल रस्तोगी ने अपनी कला के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति आभार व्यक्त किया। उनके गीत “मोदी जी बार-बार आपका आभार, आधी आबादी को दे दिया आपने उपहार” ने उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया। मुख्य अतिथि मंत्री प्रतिभा शुक्ला ने कहा कि संसद और विधानसभाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने वाला यह अधिनियम केवल कानून नहीं, बल्कि देश की करोड़ों महिलाओं के सम्मान का संकल्प है। उन्होंने पिछली सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि पहले महिलाओं की सुरक्षा एक बड़ी चुनौती थी, लेकिन आज सरकार ने सुरक्षा, सम्मान और आत्मनिर्भरता के त्रिकोण पर काम करते हुए महिलाओं को सशक्त बनाया है। भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष सतेंद्र सिसोदिया ने कहा कि 2023 में शुरू हुई यह ऐतिहासिक पहल भविष्य की राजनीति में महिलाओं की निर्णायक भूमिका तय करेगी। इस अवसर पर ऊर्जा राज्यमंत्री डा. सोमेन्द्र तोमर, कैंट विधायक अमित अग्रवाल, मेयर हरिकांत अहलूवालिया, पूर्व विधायक शशि मित्तल, महिला मोर्चा की क्षेत्रीय अध्यक्ष वर्षा कौशिक, पंकज कतीरा, संजीव शर्मा, विपिन जिंदल, रविंद्र तेवतिया और मीडिया प्रभारी अमित शर्मा मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित महिलाओं ने एक स्वर में नारी शक्ति वंदन अभियान को घर-घर तक पहुंचाने और सशक्त भारत के निर्माण में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने का सामूहिक संकल्प लिया।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन