पुलिस कस्टडी में लंगड़ाता दिखा मौलाना, सीएम योगी की मां पर की थी टिप्पणी, भेजा गया जेल
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां पर अभद्र टिप्पणी करने वाले बिहार के मौलाना अब्दुल सलीम को यूपी एसटीएफ ने गिरफ्तार कर लिया है। मंगलवार को उसे कोर्ट में पेश किया गया, जहां से जेल भेज दिया गया। इस दौरान मौलाना लंगड़ाता हुआ दिखाई दिया।

UP News: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उनकी मां के विरुद्ध आपत्तिजनक टिप्पणी करने वाले मौलाना को कानून के लंबे हाथों ने दबोच लिया है। उत्तर प्रदेश पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने एक बड़े ऑपरेशन के तहत आरोपी मौलाना अब्दुल सलीम को बिहार से गिरफ्तार कर बहराइच की अदालत में पेश किया। जहां से मौलाना को जेल भेज दिया गया है। इस दौरान पुलिस कस्टडी में मौलाना लंगड़ाता हुआ नजर आया।
दरअसल, बिहार के रहने वाले मौलाना अब्दुल सलीम ने सीएम योगी और उनकी मां को लेकर अभद्र टिप्पणियां की थीं। जैसे ही उसका यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, हिंदू संगठनों और आम जनता में भारी आक्रोश फैल गया। उत्तर प्रदेश के बहराइच सहित कई अन्य जिलों में मौलाना के खिलाफ धार्मिक भावनाओं को आहत करने और आईटी एक्ट की धाराओं में मुकदमे दर्ज किए गए थे।
एसटीएफ का एक्शन और गिरफ्तारी
मामले की गंभीरता को देखते हुए उत्तर प्रदेश शासन ने एसटीएफ को आरोपी की तलाश में लगाया था। तकनीकी सर्विलांस और मुखबिरों की सूचना के आधार पर एसटीएफ की टीम ने बिहार में छापेमारी कर अब्दुल सलीम को धर दबोचा। सोमवार को एसटीएफ ने उसे बहराइच की नगर कोतवाली पुलिस के हवाले कर दिया। बहराइच में विश्व हिंदू परिषद (VHP) के विधि प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष अजीत प्रताप सिंह ने 8 मार्च को इस मामले में कड़ी कानूनी कार्रवाई के लिए तहरीर दी थी, जिस पर नगर कोतवाली में एफआईआर दर्ज की गई थी।
गहन पूछताछ और न्यायिक हिरासत
बहराइच पहुंचते ही सीओ सिटी नारायण दत्त मिश्रा और कोतवाल प्रदीप कुमार सिंह ने आरोपी मौलाना से बंद कमरे में करीब 30 मिनट तक गहन पूछताछ की। पुलिस यह जानने का प्रयास कर रही है कि इस अपमानजनक कृत्य के पीछे क्या कोई बड़ी साजिश थी या किसी संगठन का हाथ था। पूछताछ के बाद कड़ी सुरक्षा के बीच आरोपी को स्थानीय अदालत में पेश किया गया। कोर्ट ने अपराध की गंभीरता को देखते हुए उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेजने का आदेश दिया।
प्रशासन की चेतावनी
सीओ नारायण दत्त मिश्रा ने बताया कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने और संवैधानिक पदों पर बैठे व्यक्तियों या उनके परिवार पर अभद्र टिप्पणी करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। सोशल मीडिया सेल लगातार ऐसी पोस्ट्स पर नजर रख रही है। आरोपी को जेल भेजे जाने के बाद पुलिस अब इस मामले में चार्जशीट दाखिल करने की तैयारी करेगी, ताकि उसे कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जा सके।




साइन इन