लू और तपिश से मकान बने भट्ठी, लोग हलकान
Mau News - मऊ में गर्मी का प्रकोप बढ़ता जा रहा है, रविवार को अधिकतम तापमान 44.1 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। लोग लू और बिजली कटौती के कारण परेशान हैं। डॉक्टर गर्मी से बचने के उपाय बता रहे हैं। हालांकि, मौसम विभाग ने अगले दिन से मौसम में बदलाव और राहत की उम्मीद जताई है।

मऊ, संवाददाता। जनपद में मौसम की तल्खी दिन प्रतिदिन बढ़ती ही जा रहीं है। रविवार को चढ़ते दिन के साथ तीखी धूप और उमस भरी गर्मी में लोगों का हाल बेहाल रहा। दिन का अधिकतम तापमान 44.1 डिग्री के करीब रहा, जबकि न्यूनतम तापमान 28.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मध्यान्ह से लेकर अपरान्ह तक लू और तपिश से मकान भट्ठी बने रहें। इस बीच चल रही दक्षिणी-पूर्वी गर्म हवा पूरे दिन लपटों का आभास हो रहा था। धूप में एक पल भी ठहरना मुश्किल हो रहा था। सुबह 10 बजे ही धूप बदन में चुभने लगी थी। गर्मी के कारण शहर भर में चौराहों और सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा।
वहीं लो वोल्टेज, ट्रिपिंग और बिजली कटौती की समस्या के बीच कूलर, पंखे, एसी शोपीस बनकर रह गए है। शहर में भीटी चौराहे पर दोपहर में 12 बजे के करीब सड़क पर सन्नाटा दिखा। गर्म हवा के थपेड़ों में गिने-चुने लोग ही अपने वाहनों से गुजरते हुए नजर आए। बलिया मोड़ पर भी दोपहर में 12.30 बजे कुछ इसी प्रकार का नजारा था। आजमगढ़ मोड़ और गाजीपुर तिराहे पर दोपहर एक बजे के करीब गर्मी के प्रकोप में सन्नाटा पसरा हुआ दिखाई दिया। गर्मी के कारण लोग कम संख्या में बाजार में निकले और दुकानों पर रौनक गायब रही। कुछ इसी प्रकार का हाल शहर के अंदर सहादतपुरा, मुंशीपुरा, सिंधी कॉलोनी, सदर बाजार, महादेव घाट, बाल निकेतन, निजामुद्दीनपुरा का भी था। दोपहर डेढ़ बजे लोग बहुत जरूरी काम से ही बाजार में खरीदारी करते हुए नजर आए। हालांकि शाम के समय में यहां भीड़ उमड़ने लगी और दुकानों पर रौनक लौटने लगी। गर्मी में घरों से बाहर निकले लोग चौराहों पर वाटर कूलर से पानी पीकर प्यास बुझाते दिखे। रोडवेज और रेलवे बस स्टेशन पर भी सन्नाटा नजर आया। मौसम में पिछले कुछ दिनों से सुबह होते ही धूप और दक्षिणी-पूर्वी गर्म हवा चल रही हैं। इस वजह से लोगों का गर्मी में जीना मुहाल हो गया है। बढ़ते तापमान के कारण घरों में लोग पंखे, कूलर के बाद भी चैन से नहीं रह पा रहे हैं। रात में भी तापमान अधिक रहने और हवाओं के न चलने की वजह से लोग भीषण गर्मी का सामना कर रहे हैं। यही कारण है कि न्यूनतम और अधिकतम तापमान के बीच में सिर्फ 16 डिग्री का अंतर रह गया है। मौसम विभाग की मानें तो अभी 30 मई तक गर्मी से राहत मिलने की कोई उम्मीद नहीं है।चिकित्सक दे रहे गर्मी से बचाव करने की सलाहमऊ। जिला अस्पताल के डॉ अनिल कुमार बताते हैं कि गर्मी से बचाव करना बहुत जरूरी है। उनका कहना है कि गर्मी के मौसम में बीपी और शुगर के मरीज नियमित रूप से दवाएं लेते रहें। इसके अलावा बुजुर्ग और बच्चे बहुत जरूरी होने पर ही धूप में बाहर निकलें। पानी का सेवन भरपूर करें। तेल, मसाला का इस्तेमाल कम करें। ताजा खाना और हरी सब्जियों का अधिक सेवन किया जाए। पेट में दर्द या उल्टी-दस्त की आशंका होने पर ओआरएस घोल तत्काल लिया जाए। खाने में खीरा-ककड़ी, तरबूज अधिक से अधिक इस्तेमाल करें।कटौती और लो वोल्टेज ने उड़ाई नागरिकों की नींदमऊ। जिले में बिजली की अघोषित कटौती और लो वोल्टेज शहरवासियों से लेकर ग्रामीणों तक के लिए परेशानी का कारण बन रही है। कुछ दिनों से बढ़ी उमस भरी गर्मी में बिजली की आंख मिचौली से लोग कराह उठे हैं। बिजली कटौती से परेशान ग्रामीणों ने आरोप लगाते हुए कहा कि घंटों बिजली गुल रहती है। कभी ब्रेकडाउन तो कभी फाल्ट और कभी ट्रिपिंग के बहाने कटौती का खेल चल रहा है। इससे लोगों में काफी आक्रोश है। लोगों ने कहा कि कटौती के बाद जब बिजली आती है तो लो वोल्टेज की समस्या रहती है। ऐसे में पंखा, कूलर और एसी नही चल पा रहे है। जनपद में आपूर्ति की व्यवस्था इस समय पूरी तरह से चरमराई हुई है। अघोषित बिजली कटौती से लोग बेहाल हैं। आज भी जारी रहेगी हीट वेव, फिर राहत के आसारमऊ। मौसम विभाग द्वारा जारी पूर्वानुमान के मुताबिक मऊ और आसपास के इलाकों में जारी हीट वेव (उष्णलहर) का प्रकोप आज सोमवार को भी बना रह सकता है। रात का न्यूनतम तापमान औसत से अधिक रहने का अंदेशा जाहिर किया गया है। पूर्वानुमान के मुताबिक कल मंगलवार से मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। नम पुरवा हवा के झोंकों के बीच आसमान पर आंशिक तौर पर बादल छा सकते हैं और कहीं-कहीं बूंदाबांदी होने के आसार बन रहे हैं। मौसम में संभावित माने जा रहे इस बदलाव से दिन के अधिकतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस की कमी आ सकती है जिसके चलते हीट वेव से मामूली राहत मिलेगी।राहत के लिए शीतल पेय पदार्थों की बढ़ी मांगमऊ। इस समय भीषण गर्मी बढ़ने के साथ ही कोल्डड्रिंक, लस्सी, मट्ठा, गन्ने और आम के पन्ना जूस की डिमांड बढ़ गई है। वहीं धूप से बचने को लोग टोपी, गमछा, दुपट्टा, स्टाल लगाकर ही घरों से निकल रहे हैं। तेज धूप की सबसे अधिक मार भवन निर्माण श्रमिकों पर पड़ रहा है। अधिकतर निर्माण कार्य ठप होने से मजदूरों को काम नहीं मिल रहा है, उन्हे लेबर अड्डों से आये दिन निराश होकर लौटना पड़ रहा है। इससे उनके रोजी-रोटी का संकट भी गहराता जा रहा है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन