भीषण गर्मी से जनजीवन बेहाल, पारा 43.5 डिग्री पर
Hardoi News - हरदोई में भीषण गर्मी से जनजीवन प्रभावित हुआ है। अधिकतम तापमान 43.5 डिग्री सेल्सियस है। लोग सुबह और शाम के समय ही काम कर रहे हैं। अस्पतालों में हीट स्ट्रोक और डिहाइड्रेशन के मामले बढ़ रहे हैं। मौसम विभाग ने 28 अप्रैल से राहत की उम्मीद जताई है।
हरदोई। जनपद में भीषण गर्मी ने रौद्र रूप धारण कर लिया है। अधिकतम तापमान 43.5 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 25 डिग्री दर्ज किया गया। इससे आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो गया है। तेज धूप और लू के चलते दोपहर के समय सड़कों और बाजारों में सन्नाटा पसरा रहा। लोग जरूरी काम सुबह और शाम के समय ही निपटा रहे हैं। रविवार को सुबह की आर्द्रता 38 प्रतिशत और शाम को 18 प्रतिशत रही। मौसम विभाग के अनुसार आर्द्रता कम होने से उमस से कुछ राहत जरूर है, लेकिन तेज धूप लोगों के स्वास्थ्य पर भारी पड़ रही है। अस्पतालों में हीट स्ट्रोक, डिहाइड्रेशन, उल्टी और चक्कर के मरीजों की संख्या बढ़ रही है।
चिकित्सक धूप से बचने और अधिक पानी पीने की सलाह दे रहे हैं। शहर के सदर बाजार, सिनेमा रोड और रेलवेगंज बाजारों में भी गर्मी का असर साफ दिखाई दे रहा है, जिससे कारोबार प्रभावित हो रहा है। वहीं बड़ा चौराहा, पिहानी चुंगी और जिंदपीर चौराहा के आसपास ठंडे पेय पदार्थ, बर्फ और फलों की बिक्री में तेजी आई है। शाम होते ही इन स्थानों पर लोगों की भीड़ जुटने लगती है। मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल गर्मी से राहत के आसार कम हैं। हालांकि 28 अप्रैल से आसमान में बादल छाने, तेज हवाएं चलने और हल्की बारिश की संभावना जताई गई है, जिससे आने वाले दिनों में कुछ राहत मिल सकती है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन