महापौर समेत अधिकारी-कर्मचारियों ने की स्व-गणना
Mathura News - जनगणना के प्रथम चरण में स्व-गणना के लिए लोगों को किया जागरूक -जनगणना के प्रथम चरण में स्व-गणना के लिए लोगों को किया जागरूक -प्रगणक को घर पहुंचने पर उप

भारत सरकार द्वारा संचालित जनगणना-2027 के अंतर्गत मकान सूचीकरण एवं मकान गणना कार्य को सुगम, त्वरित एवं अधिक सटीक बनाने के उद्देश्य से गुरुवार को जिला जनगणना अधिकारी, नगर आयुक्त समेत महापौर और कलक्ट्रेट के अधिकारी-कर्मचारियों ने पोर्टल पर स्व-गणना करते हुए लोगों को जागरूक किया। लोगों को 21 मई तक अधिक से अधिक स्व-गणना में भाग लेने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। इसके बाद अगला चरण 22 मई से मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना का शुरु होगा।
स्व-गणना कार्यक्रम का शुभारंभ
गुरुवार को अपर जिलाधिकारी (वित्त) एवं जिला जनगणना अधिकारी डा. पंकज कुमार वर्मा की अध्यक्षता में जनगणना-2027 के प्रथम चरण मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना का स्व-गणना कार्यक्रम कलक्ट्रेट परिसर के समस्त अधिकारी/कर्मचारियों द्वारा पीपीटी के माध्यम से प्रशिक्षित कर स्वगणना कार्य कराया गया। अपर जिलाधिकारी वित्त ने बताया कि उत्तर प्रदेश में 21 मई 2026 तक आम जनमानस द्वारा स्वगणना पोर्टल के माध्यम से अपनी गणना ऑनलाइन की जा सकती है। प्रदेश में जनगणना का प्रथम चरण मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना का कार्य 22 मई 2026 से 20 जून 2026 के मध्य संपादित किया जाएगा। जनगणना-2027 के सुचारू, समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण संचालन हेतु जनगणना कार्मिकों का प्रशिक्षण एक संरचित कैस्केड मॉडल के अंतर्गत किया जा रहा है। स्व-गणना प्रक्रिया के अधिक से अधिक प्रचार प्रसार तथा लोगों को जागरूक करने के लिए भी उन्होंने निर्देशित किया। स्व-गणना कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) अमरेश कुमार, नगर मजिस्ट्रेट अनुपम कुमार मिश्रा, डिप्टी कलेक्टर नरेन्द्र सिंह यादव, डिप्टी कलेक्टर राघवेन्द्र चौधरी, जनगणना कार्य निदेशालय उत्तर प्रदेश लखनऊ से आये जिला प्रभारी मथुरा मृगेन्द्र बहादुर सिंह, सह जिला प्रभारी मथुरा अभिषेक पांडेय, जिला जनगणना सहायक कपिल यदुवंशी सहित अन्य अधिकारी/कर्मचारी मौजूद रहे।
फोटो-15
कलक्ट्रेट सभाकक्ष में अपर जिलाधिकारी (वित्त) एवं जिला जनगणना अधिकारी डा. पंकज कुमार वर्मा के साथ पोर्टल पर स्व-गणना करने के बाद मोबाइल दिखाते अधिकारी-कर्मचारियों
--
नगर निगम ने भी छेड़ा स्व-गणना का अभियान
मथुरा। भारत सरकार द्वारा संचालित जनगणना-2027 के अंतर्गत मकान सूचीकरण एवं मकान गणना कार्य को सुगम, त्वरित एवं अधिक सटीक बनाने के उद्देश्य से नगर निगम मथुरा-वृंदावन द्वारा गुरुवार से विशेष स्व-गणना जागरूकता अभियान प्रारंभ किया गया।
स्व-गणना जागरूकता अभियान
सहायक नगर आयुक्त राकेश त्यागी के नेतृत्व में तथा फील्ड ट्रेनर बलवीर सिंह के सहयोग से महापौर विनोद अग्रवाल, नगर आयुक्त जग प्रवेश एवं नगर निगम के अन्य अधिकारियों व कर्मचारियों द्वारा स्व-गणना कर जागरूकता अभियान का विधिवत शुभारंभ किया गया। महापौर एवं नगर आयुक्त द्वारा जनगणना-2027 के अंतर्गत प्रारंभ हुई स्व-गणना प्रक्रिया के तहत आधिकारिक पोर्टल se.census.gov.in पर अपनी जानकारी ऑनलाइन दर्ज कर सफलतापूर्वक फॉर्म सबमिट किया तथा नागरिकों से भी इस अभियान में बढ़-चढ़कर सहभागिता करने की अपील की। अभियान का मुख्य उद्देश्य आमजन को स्व-गणना हेतु जागरूक एवं प्रेरित करना है, ताकि जब प्रगणक घर-घर संपर्क करें, तब गृहस्वामी उन्हें अपनी स्व-गणना आईडी उपलब्ध करा सकें। इससे गणना कार्य में कम समय लगेगा तथा डेटा अधिक सटीक एवं यथार्थ रूप में पोर्टल पर अपलोड किया जा सकेगा।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन