माता बलि मांग रही हैं...कहकर युवक ने काट ली खुद की गर्दन, यूपी से सामने आया सनसनीखेज मामला
यूपी के इटावा में एक युवक ने बलि दे दी। उसने कुल्हाड़ी से खुद की गर्दन पर हमला कर दिया। लहूलुहान हालत में उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी मौत हो गई।

Etawah News: नवरात्र के बीच इटावा से सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक युवक ने देवी मां के लिए खुद की बलि दे दी। घटना से पहले युवक ने बताया था कि माता बलि मांग रही हैं। इसके बाद युवक ने कुल्हाड़ी से खुद पर हमला करके गर्दन काट ली। खून से लथपथ युवक को अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई। घटना से परिवार में कोहराम मच गया। युवक द्वारा खुद की गर्दन काटने की खबर पाकर पुलिस पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
मामला बकेवर कस्बा स्थित गांधीनगर का है। यहां सोमवार सुबह एक 28 वर्षीय राजेश तिवारी ने खुद पर कुल्हाड़ी से हमला कर लिया। गंभीर रूप से घायल अवस्था में उसे परिजन एंबुलेंस की मदद से 50 शैया अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि राजेश तिवारी पिछले कुछ समय से मानसिक रूप से परेशान चल रहा था। घटना के समय वह माता बलि मांग रही है जैसी बातें कह रहा था। इसी दौरान उसने अचानक अपने सिर पर कुल्हाड़ी से वार कर लिया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया और आसपास के लोग भी मौके पर जुट गए।
एक महीने से मायके में रह रही थी बीवी
परिजनों के अनुसार, राजेश की शादी करीब डेढ़ वर्ष पहले हुई थी, लेकिन पारिवारिक परिस्थितियों के चलते उसकी पत्नी पिछले एक महीने से मायके में रह रही थी। इस वजह से भी वह तनाव में बताया जा रहा है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है और परिजनों से पूछताछ की जा रही है। इस घटना से पूरे इलाके में शोक का माहौल है।
नैमिषारण्य भी मंदिर में बलि देने पहुंचा था युवक
दो महीने पहले ऐसा ही एक मामला सीतापुर जिले के नैमिषारण्य से सामने आया था। यहां एक युवक बलि देने पहुंचा था। शक्ति मां ललिता देवा मंदिर में गर्भ गृह के पास चेकिंग के दौरान एक युवक के बैग से बांका निकला। पुलिस पूछताछ में युवक ने बताया था कि वह अपना शीश मां को अर्पित करना है। वह खुद की बली देने आया है। पुलिसकर्मियों ने उसे समझा-बुझाकर उसे परिवार वालों के सुपुर्द कर दिया था। पुलिस ने बताया था कि एक व्यक्ति मां ललिता देवा मंदिर में प्रवेश करते वक्त बार-बार हाथ में लिया बैग खोलकर देख रहा था। मंदिर में ड्यूटी पर तैनात पर्यटन चौकी प्रभारी राजेश शुक्ला को युवक पर शक हुआ। उन्होंने बैग खोलकर देखा तो उसमें बांका था। युवक की पहचान पहाड़पुर के कुसेंन्द्र के रूप में हुई थी।




साइन इन