marriage bluff robbery spectacle a cheater came to kanpur from meerut in search of a fourth wife arrested शादी का झांसा और लूट का तमाशा: चौथी पत्नी की तलाश में मेरठ से कानपुर आया ठग सर्राफ गिरफ्तार, Uttar-pradesh Hindi News - Hindustan
More

शादी का झांसा और लूट का तमाशा: चौथी पत्नी की तलाश में मेरठ से कानपुर आया ठग सर्राफ गिरफ्तार

मेरठ के सर्राफ अंतिम सोनी ने शुक्रवार को कानपुर के सीसामऊ थाने जाकर जानकारी दी थी कि वह घंटाघर से पनकी जा रहा था। इसी दौरान ऑटो सवार युवकों ने उससे मारपीट की और नकदी और जेवरात समेत 58 लाख रुपये लूट लिए। पुलिस घटनास्थल पहुंची तो सर्राफ ने अफीमकोठी पुल के पास घटना होने की जानकारी दी।

Sat, 21 March 2026 09:40 PMAjay Singh संवाददाता, कानपुर
share
शादी का झांसा और लूट का तमाशा: चौथी पत्नी की तलाश में मेरठ से कानपुर आया ठग सर्राफ गिरफ्तार

UP Crime News: उत्तर प्रदेश के कानपुर के अफीमकोठी में शुक्रवार को नगदी और जेवरात समेत 58 लाख रुपये की लूट की सूचना झूठी निकली। मेरठ के सर्राफ अंतिम सोनी की शिकायत पर जांच में जुटी पुलिस ने सर्विलांस और 500 कैमरों की मदद से झूठी कहानी से पर्दा उठा दिया। जांच में पता चला कि अंतिम ने कानपुर की एक विधवा को शादी का झांसा देकर अपने जाल में फांसा। नवरात्र में शहर आकर सगाई करने और शादी से पहले 65 लाख का फ्लैट खरीदने का वादा किया। इसके लिए 500-500 के नोटों की गड्डी की फोटो भेजकर महिला से भी आधे रुपयों का इंतजाम करने को कहा और शुक्रवार को शहर आ गया। वह महिला से शादी कर उसके रुपये हड़पने की तैयारी में था। पुलिस को उसके तीन खातों में 1710 रुपये मिले हैं, इसमें भी डेढ़ हजार रुपये कानपुर आने से पहले उसने किसी से ऑनलाइन मंगवाए थे। इसके पहले भी वह तीन महिलाओं से शादी कर ठगी कर चुका है। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

मेरठ के ब्रह्मपुरी निवासी सर्राफ अंतिम सोनी ने शुक्रवार को सीसामऊ थाने जाकर जानकारी दी थी कि वह घंटाघर से पनकी जा रहा था। इसी दौरान ऑटो सवार युवकों ने उससे मारपीट की और नकदी व जेवरात समेत 58 लाख रुपये लूट लिए। सीसामऊ पुलिस घटनास्थल पहुंची तो सर्राफ ने अफीमकोठी पुल के पास घटना होने की जानकारी दी। इसके बाद रायपुरवा पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू की। डीसीपी सेंट्रल अतुल कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि रायपुरवा पुलिस, साइबर, स्वॉट और सर्विलांस की टीम को इसमें लगाया गया। सर्राफ के बयानों और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य में अंतर मिलने पर उससे सख्ती से पूछताछ की, तो उसने सारी कहानी बयां कर दी। डीसीपी सेंट्रल ने बताया कि झूठी सूचना देकर लूट का मुकदमा दर्ज कराने पर अंतिम को जेल भेजा गया है। आरोपित पर फर्जी साक्ष्य गढ़ने की धारा बढ़ाई जाएगी।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:बिजली के मीटर बदले, बिल गायब; यूपी के इस जिले में अपने ही सिस्टम में उलझा विभाग

65 लाख का फ्लैट है, आधे तुम देना और आधे हम

अंतिम ने कानपुर की महिला को चार माह पहले मैट्रिमोनियल साइट पर शादी का झांसा देकर फंसाया था। नवरात्र पर सगाई करने का वादा किया था। शादी से पहले 65 लाख रुपये का फ्लैट खरीदने की बात कही थी। कहा था ‘आधी रकम तुम देना और आधी हम’। इसके बाद रुपयों की फोटो भेजकर महिला को विश्वास दिलाया कि उसने इंतजाम कर लिया है और फिर कानपुर आकर लूट की सूचना दे दी। हालांकि आरोपित महिला से तीन ग्राम की चेन की ठगी कर चुका है।

नकली सोना बेचने और गिरवी रखने का आरोप

पुलिस ने बताया कि आरोपित की मेरठ में सर्राफा की दुकान है। वह कई लोगों को नकली सोना बेच चुका है। इंदौर में नकली सोना गिरवी रखकर डेढ़ लाख रुपये का लोन ले चुका है। इस वजह से इंदौर की क्राइम ब्रांच को उसकी तलाश भी है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:योगी ने 92 हजार लोगों को घर बनाने के लिए भेजी पहली किस्त, ये सुविधाएं भी मिलेंगी

तीन महिलाओं से कर चुका है शादी

पुलिस की जांच में सामने आया कि आरोपी सोशल मीडिया के जरिये तलाकशुदा व विधवा महिलाओं से दोस्ती करता था। उसके बाद शादी का झांसा देकर ठगी करता था। उसकी इंस्ट्राग्राम और फेसबुक आईडी पर 15 महिलाओं से चैटिंग मिली है। वह तीन महिलाओं से शादी कर ठगी कर चुका है।

इन बिंदुओं की जांच में फंसता गया सर्राफ अंतिम

1- सर्राफ ने पुलिस को संगम एक्सप्रेस के थर्ड एसी से आने की जानकारी दी। पुलिस ने जांच की तो वह संगम एक्सप्रेस से सुबह 4:08 बजे जनरल डिब्बे से उतरता दिखा।

2- सर्राफ ने घंटाघर के बाहर चाय और सिगरेट पीने की जानकारी दी। पुलिस को फुटेज में वह अपने बैग से करीब 10 मीटर दूर खड़ा दिखा। इतनी बड़ी रकम बैग में होने पर इस तरह की लापरवाही संभव नहीं है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:सपा नेता ने झाड़ा पल्ला, फिर भी सील हुए पेट्रोल पंप; छिना पिस्टल का लाइसेंस

3- सर्राफ ने 4:56 बजे अफीमकोठी पुल के पास ऑटो सवार युवकों द्वारा लूटने की जानकारी दी। टीम ने उसकी लोकेशन देखी तो वह पनकी पड़ाव की मिली। वह 4:56 बजे पनकी में टहलता हुआ नजर आया।

4- सर्राफ ने लुटेरों द्वारा मारपीट करने और बैग में रखी नकदी व जेवरात लूटकर गमछे में बांधकर ले जाने की जानकारी दी। पुलिस ने जांच की तो उसके बैग में रखे कपड़े पूरी तरह से व्यवस्थित मिले।

5- सर्राफ ने लुटेरों का जो हुलिया पुलिस को बताया, वह महिला के बेटों से मिलता-जुलता निकला।

6- सर्राफ ने महिला एक बैग में 500 रुपये के नए नोटो की गड्डियां रखी हुई फोटो भेजी। पुलिस ने उसके खातों की जांच की तो तीन खातों में कुल 1710 रुपये मिले। 1500 रुपये उसने कानपुर आने से पहले किसी से ऑनलाइन लिए थे।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:यूपी में कब होंगे पंचायत चुनाव? हाई कोर्ट ने राज्य सरकार से मांगा जवाब

7- सर्राफ ने पहले पुलिस को 30 लाख रुपये नकद और आठ लाख रुपये के जेवरात लूटने की जानकारी दी। उसके बाद 50 लाख रुपये नकद और आठ लाख रुपये के जेवरात होने की जानकारी दी।

8- सर्राफ ने लुटेरों द्वारा मारपीट करने की जानकारी दी, लेकिन उसके शरीर में कोई जाहिरा चोट नहीं थी।

लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News , Pareet Yadav Death Live और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।