डॉक्टर से 90 लाख की ठगी कर खरीदी लग्जरी कार, गर्लफ्रेंड संग देशभर में घूमे, साइबर ठगों का खुलासा
सहारनपुर में पुलिस ने साइबर ठग गैंग का खुलासा किया है। ये गैंग लखनऊ का बताया जा रहा है। इस गैंग के सदस्यों ने आयुष्मान योजना का बकाया दिलाने के नाम पर डॉक्टर से करीब 90 लाख की साइबर ठगी की थी।

Saharanpur News: यूपी के सहारनपुर में पुलिस ने साइबर ठग गैंग का खुलासा किया है। ये गैंग लखनऊ का बताया जा रहा है। इस गैंग के सदस्यों ने आयुष्मान योजना का बकाया दिलाने के नाम पर डॉक्टर से करीब 90 लाख की साइबर ठगी की थी। पुलिस ने आरोपियों के पास से सात लाख रुपये और एक लग्जरी कार बरामद की जिसे ठगों ने ठगी के पैसों से खरीदा था और गर्लफ्रेंड के संग देशभर में घूमे। न्यायालय के आदेश के बाद सोमवार को बरामद सात लाख रुपये पीड़ित डॉक्टर को सौंप दिए गए।
सहारनपुर पुलिस लाइन सभागार में आयोजित प्रेस वार्ता में एसपी सिटी व्योम बिंदल ने बताया जनकपुरी क्षेत्र निवासी सर्जन डॉ. प्रभात कुमार वर्मा ने 11 नवंबर 2024 को साइबर क्राइम थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया था कि उनके अस्पताल में आयुष्मान योजना के तहत किए उपचार का बकाया दिलाने के नाम पर साइबर ठगों ने उनसे करीब 90 लाख 59 हजार रुपये की ठगी कर ली। जांच के दौरान साइबर क्राइम पुलिस ने आरोपियों के खातों में मौजूद 2.76 लाख रुपये फ्रीज कराए और मुख्य आरोपी की निशानदेही पर उसके घर से सात लाख रुपये नकद बरामद किए। आरोपियों की महिला मित्र के पास से स्कोडा कार भी बरामद हुई, जिसे ठगी के पैसों से खरीदा गया था।
कोर्ट के आदेश पर पीड़ित डॉक्टर को मिले सात लाख
पुलिस ने लखनऊ निवासी अंकित जायसवाल, अभय शर्मा और विवेक शर्मा को गिरफ्तार कर पहले ही जेल भेज दिया था। बरामद नकदी न्यायालय में प्रस्तुत की गई। अदालत के आदेश के बाद सोमवार को पीड़ित डॉक्टर को सात लाख रुपये सौंप दिए गए। एसपी सिटी ने लोगों से अपील की कि किसी भी संदिग्ध कॉल, लिंक या ऑनलाइन लेनदेन से पहले पूरी तरह जांच-पड़ताल करें, ताकि साइबर अपराधियों के झांसे में आने से बचा जा सके।
ऐसे दिया ठगी को अंजाम
आयुष्मान योजना का बकाया दिलाने का झांसा दिया। डॉक्टर को फोन कर विश्वास में लिया और अलग-अलग खातों में लाखों रुपये ट्रांसफर करा लिए। इस तरह कुल करीब 90.59 लाख रुपये की साइबर ठगी को अंजाम दिया गया।
पुलिस ने यह किया बरामद
जांच के दौरान मुख्य आरोपी के घर से 7 लाख रुपये नकद बरामद हुए। महिला मित्र के पास से स्कोडा कार मिली, जिसे ठगी के पैसों से खरीदा गया था। पुलिस ने आरोपियों के बैंक खातों में मौजूद 2.76 लाख रुपये फ्रीज कराए और तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।




साइन इन