यूपी में बहन की शादी का कार्ड बांटने जा रहे युवक की सड़क हादसे में मौत, 2 साथी घायल, मचा कोहराम
Uttar-pradesh News - उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में बहन की शादी का कार्ड बांटने जा रहे युवक की सड़क हादसे में मौत हो गई है। बाइक में पीछे बैठे दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद चालक ट्रैक्टर लेकर मौके से भाग निकला।

UP News: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में मलिहाबाद में बहन की शादी का निमंत्रण पत्र बांटने जा रहे बाइक सवार तीन युवकों को तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने टक्कर मार दी। हादसे में बाइक चला रहे युवक की मौके पर मौत हो गई,जबकि बाइक में पीछे बैठे दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद चालक ट्रैक्टर लेकर मौके से भाग निकला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दो घायलों को पास के निजी अस्पताल में भर्ती कराया।
शाहपुर गोडवा निवासी किसान शंकर रावत का बेटा परमेश्वर (26) वर्ष अपने चचेरे भाई रजनीश (35) और छोटे भाई राम(18) के साथ बाइक से शुक्रवार रात हसनापुर गांव में एक रिश्तेदार के तिलक में शामिल होने और बहन की शादी के कार्ड बाटने जा रहा थे। तभी मलिहाबाद थानाक्षेत्र के वाजिदनगर-हसनापुर संपर्क मार्ग पर तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने सामने से बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोर की थी कि तीनों बाइक सवार उछलकर सिर के बल सड़क पर जा गिरे। परमेश्वर के सिर पर गंभीर चोट आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। जबकि बाइक में पीछे बैठे दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
वहीं हादसे के बाद चालक ट्रैक्टर लेकर मौके से भाग निकला। घटना को देखकर राहगीरों की भीड़ लग गई। इस बीच किसी ने पुलिस कंट्रोल रूम पर हादसे की जानकारी दी। सूचना पर मलिहाबाद पुलिस मौके पर पहुंची और परमेश्वर के शव को कब्जे में ले लिया। अन्य दो घायल रजनीश और राम को गंभीर हालत में पास के निजी अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने शनिवार को परिजनों से पूछताछ कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने बताया कि मृतक के परिजनों की तहरीर पर ट्रैक्टर और चालक की तलाश कर रही है। पुलिस घटनास्थल पर लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज देख रही है।
हेलमेट न पहनने से गई परमेश्वर की जान
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि बाइक चला रहा युवक हेलमेट नहीं पहनने था। ट्रैक्टर और बाइक की आमाने-सामाने भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जोर की थी कि तीनों बाइक सवार उछलकर दूर जा गिरे। लेकिन बाइक चला रहा परमेश्वर सिर के बल सड़क पर जा गिरा। उसके सिर पर गंभीर चोट आ गई। सिर से खून निकलना बंद नहीं हो रहा था। थोड़ी देर बाद परमेश्व ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। उसके दो साथी घायल हो गए।
शादी की खुशियां मातम में बदलीं
परमेश्वर अपने भाईयों के साथ अपनी बहन रेशमा की शादी के कार्ड बांटने के लिए बाइक से निकला था। रेशमा का तिलक 24 अप्रैल और शादी 29 अप्रैल को है। हादसे के समय परमेश्वर जिस बाइक से था वह भी रेशमा के तिलक के लिये ही खरीदी गई थी। घर में शादी की तैयारियां चल रही थी। तभी परमेश्वर की मौत की खबर घर आ गई। बेटे की मौत की खबर मिलते ही घर में कोहराम मच गया। बेटे की मौत की खबर सुनते ही मां कलावती बेसुध हो गई।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन