यूपी का बांदा देश में सबसे गर्म, सुलतानपुर और प्रयागराज भी सूची में शामिल
Lucknow News - बांदा, उत्तर प्रदेश में 44.2 डिग्री तापमान के साथ गर्मी का रिकॉर्ड बना। मौसम विभाग ने 32 जिलों में लू की स्थिति का यलो अलर्ट जारी किया। हरदोई में भी तापमान सामान्य से 4.5 डिग्री अधिक रहा। 26 अप्रैल को एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ राहत ला सकता है, जिससे बूंदाबांदी की संभावना है।

आसमान से बरस रही आग ने देश में सबसे अधिक बांदा को तपाया। देश के 20 सबसे गर्म जिलों में मंगलवार को बांदा 44.2 डिग्री के साथ सबसे ऊपर रहा। इसके अलावा सुलतानपुर 43.2 डिग्री तापमान के साथ सातवें स्थान पर रहा। प्रयागराज भी 43.2 डिग्री तापमान के साथ सबसे गर्म जिलों में शामिल रहा। मौसम विभाग ने बुधवार को 32 जिलों में लू की स्थिति होने का पूर्वानुमान जताते हुए यलो अलर्ट जारी किया है। वहीं, यूपी में दिन के समय हवा की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रतिघंटा रहने से ज्यादातर जिलों में तपिश अपेक्षाकृत कम रही। यूपी के हरदोई में मंगलवार को लू की स्थिति रही।
तापमान में सामान्य से 4.5 डिग्री की तीव्र बढ़त हुई। मौसम विभाग के अनुसार यदि तापमान 40 डिग्री से अधिक हो और सामान्य से 4.5 डिग्री या अधिक बढ़त हो तो लू की स्थिति मानी जाती है। यह स्थिति मंगलवार को हरदोई के साथ रही। अमौसी स्थित आईएमडी लखनऊ के अनुसार प्रदेश में दोपहर के समय तेज गति से चल रही हवा ने तापमान मामूली रूप से नीचे रखा। ज्यादातर जिलों में धूल भरे अंधड़ की स्थिति रही। मौसम विभाग के अनुसार वायुमंडल के निचले क्षोभमंडल में अब भी गर्म हवा तेजी से इधर आ रही है। साथ ही अब भी महाराष्ट्र के आसपास प्रति चक्रवात की स्थिति बनी हुई है। नतीजतन 25 अप्रैल तक मौसम आमतौर पर शुष्क बना रहेगा। अगले तीन चार दिनों में तापमान दो से तीन डिग्री बढ़ सकता है।कमजोर पश्चिमी विक्षोभ 26 अप्रैल को लाएगा राहतमौसम विभाग के अनुसार एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ यूपी में 26 अप्रैल को सक्रिय होगा। इससे बादलों की आवाजाही शुरू होगी। साथ ही वेस्ट यूपी में बूंदाबांदी या हल्की वर्षा हो सकती है। इसका असर प्रदेश के अन्य जिलों में भी पड़ेगा।इन जिलों के लिए भीषण गर्मी का यलो अलर्टप्रयागराज, प्रतापगढ़, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, संत रवि दास नगर, जौनपुर, गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, देवरिया, गोरखपुर, संत कबीर नगर, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थ नगर, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, बाराबंकी, अमेठी, सुल्तानपुर, अयोध्या, अंबेडकर नगर, पीलीभीत, शाहजहांपुर एवं आस पास के क्षेत्र।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन