UP Weather: दक्षिण-पश्चिमी हवाओं से भीषण गर्मी की चपेट में यूपी, प्रयागराज-वाराणसी में हीट वेव
प्रयागराज, वाराणसी और बहराइच में हीट वेव यानी लू चली। बाराबंकी, सुलतानपुर और शाहजहांपुर भी इस स्थिति के काफी करीब रहे। मौसम विभाग ने अगले 5 दिनों के लिए अलर्ट जारी किया है। प्रदेश में कुछ स्थानों पर लू चलने और वेस्ट यूपी में ऊष्ण रात की संभावना जताई है।

UP Weather : राजस्थान से होकर आ रही दक्षिण पश्चिमी हवाओं की वजह से लखनऊ समेत यूपी के कई जिले भीषण गर्मी की चपेट में है। सोमवार को अधिकतम तापमान सामान्य से 3.1 डिग्री अधिक 41.6 दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल अगले तीन चार दिन इस गर्मी से राहत मिलने के कोई आसार नहीं दिख रहे हैं। भीषण गर्मी के बीच बिजली की मांग भी तेजी से बढ़ गई है।
सोमवार सुबह से ही तेज धूप रही। दोपहर बाद इसके तेवर और प्रचंड हो गए। हवा के झोंके तेज थे लेकिन गर्माहट ज्यादा होने की वजह से सड़कों पर दो पहिया वाहनों की आवाजाही अपेक्षाकृत कम रही। गिग वर्कस पेड़ों की छांव और पुलों के नीचे मैसज का इंतजार करते नजर आए। अमौसी स्थित मौसम मुख्यालय के अनुसार अधिकतम तापमान में मामूली उतार-चढ़ाव के बीच प्रदेश में निचले क्षोभ मंडल में गर्म हवा आ रही है। इसको महाराष्ट्र के आसपास बने प्रतिक्रवात की स्थितियां मजबूती दे रही हैं। ऐसे में फिलहाल लखनऊ समेत प्रदेश के ज्यादातर जिलों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री के ऊपर रहने का पूर्वानुमान है। बीते 24 घंटों के दौरान शहर का न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो कि सामान्य से 2.4 डिग्री अधिक रहा।
प्रयागराज, वाराणसी में ‘हीट वेव’ का कहर
प्रयागराज, वाराणसी और बहराइच में सोमवार को हीट वेव यानी लू चली। बाराबंकी, सुलतानपुर और शाहजहांपुर भी इस स्थिति के काफी करीब रहे। मौसम विभाग ने अगले 5 दिनों के लिए अलर्ट जारी करते हुए प्रदेश में कुछ स्थानों पर लू चलने और वेस्ट यूपी में ऊष्ण रात की संभावना जताई है। सोमवार को प्रयागराज में अधिकतम तापमान 44.4 डिग्री पर पहुंच गया। वाराणसी में 44.0 और बहराइच में पारा 42.2 डिग्री दर्ज किया गया।
लापरवाही बना रही बीमार
गर्मी में अचानक तापमान में हो रहे बदलाव से शरीर पर असर पड़ सकता है। पल-पल बदल रहे मौसम की वजह से वायरल फीवर का प्रकोप बढ़ रहा है। दवा के बाद भी बुखार उतरने का नाम नहीं ले रहा है। वहीं गेंहू की कटाई के चलते प्रदूषण बढ़ने से दूषित हो रही हवा में सांस लेना मुश्किल हो गया है। मेरठ में मेडिसिन विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ. योगिता सिंह ने बताया कि मौसम में हो रहे बदलाव की वजह से सरकारी, निजी क्लीनिक में मरीजों की संख्या बढ़ गई है। इस समय मच्छर जनित रोगों का प्रकोप बढ़ा है। डेंगू, मलेरिया, टायफाइड समेत गले का संक्रमण समेत अन्य संक्रमण लोगों को घेर रहे हैं। रोग प्रतिरोधक कमजोर वाले मरीज को ज्यादा सावधानी बरतने की जरूरत है।




साइन इन