लखनऊ मेट्रो के नए कॉरिडोर निर्माण में आएगी तेजी, मिल गई ये सहमति
लखनऊ मेट्रो के नए कॉरिडोर निर्माण में तेजी आएगी। ईस्ट-वेस्ट कॉरिडोर के लिए न्यू डेवलपमेंट बैंक ने लोन दिए जाने पर सहमति दे दी है। बैंक परियोजना की कुल लागत का 50% लोन देगा, जो कि 2883.93 करोड़ रुपये होगा।

UP News: लखनऊ में चारबाग से बसंतकुंज तक मेट्रो रेलवे स्टेशन के विस्तार(ईस्ट-वेस्ट कॉरिडोर) के लिए न्यू डेवलपमेंट बैंक ने लोन दिए जाने पर सहमति दे दी है। बैंक परियोजना की कुल लागत का 50% लोन देगा, जो कि 2883.93 करोड़ रुपये होगा। यूपी मेट्रो कॉरपोरेशन की तरफ से इस संबंध में अन्य औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं, जिसमें डेढ़ से दो महीने लगेंगे। लोन मिलते ही परियोजना निर्माण में तेजी आएगी।
ईस्ट-वेस्ट कॉरिडोर की कुल अनुमानित लागत 5801.05 करोड़ रुपये है। इसमें से मेट्रो कॉरपोरेशन को आधी रकम यानी कि 2893.93 करोड़ रुपये का इंतजाम बैँक से लोन लेकर करना था। इसके लिए यूपी मेट्रो कॉरपोरेशन ने ब्रिक्स देशों के बैंक न्यू डेवलपमेंट बैंक(एनबीडी) से लोन लेने का प्रस्ताव वित्त मंत्रालय के सामने रखा था। वित्त मंत्रालय ने 21 फरवरी को प्रस्ताव मंजूर कर लिया था। उसके बाद मेट्रो कॉरपोरेशन और एनबीडी बैंक में कई चक्रों में वार्ता का दौर चला। मेट्रो प्रवक्ता ने बताया कि अब एनबीडी बैंक ने लोन दिए जाने पर सहमति जता दी है। शीघ्र ही इस दिशा में सभी औपचारिकताएं पूरी कर ली जाएंगी। संभवत डेढ़ से दो महीने में लोन भी स्वीकृत हो जाएगा।
निर्माण कार्यों में तेजी आएगी
मेट्रो प्रवक्ता के अनुसार एनबीडी बैंक से लोन स्वीकृत होते ही शेष धनराशि में आधी-आधी धनराशि केंद्र और राज्य सरकारें देंगी। जो कि 1446.96-1446.96 करोड़ रुपये होंगी। रकम मिलते ही पहले दौर में पांच एलिवेटेड स्टेशनों पर काम शुरू किया जाएगा। इसमें ठाकुरगंज, बालागंज, सरफराजगंज, मूसाबाग और बसंतकुंज शामिल हैं। ठाकुरगंज मेट्रो स्टेशन से बसंतकुंज मेट्रो स्टेशन तक मेन लाइन एलिवेटेड वायडक्ट का डिज़ाइन और कंस्ट्रक्शन (स्टेशन की लंबाई सहित लगभ ग 4.6 किलोमीटर), वायडक्ट और डिपो एंट्री/एग्जिट को जोड़ने के लिए रैंप (लगभग 740.00 मीटर) के कार्य भी किए जाएंगे।
पहले यूआईबी ने की थी फंडिंग
लखनऊ में मेट्रो रेल के पहले फेज में ईस्ट-वेस्ट कॉरिडोर और कानपुर मेट्रो के लिए उत्तर प्रदेश मेट्रो कॉरपोरेशन ने यूरोपियन इंवेस्टमेंट बैंक(यूआईबी) से लोन लिया था। मौजूदा समय में इस बैंक का ब्याज दर अधिक होने के कारण ही अब एनबीडी बैंक से लोन लिया जा रहा है।
कुल 12 स्टेशन होंगे
ईस्ट-वेस्ट कॉरिडोर 11.16 किमी लंबा होगा। इसमें कुल 12 स्टेशन बनाए जाएंगे। इसमें उक्त पांच एलिवेटेड होंगे, शेष अंडरग्राउंड होंगे। अंडरग्राउंड स्टेशन में नवाबगंज, मेडिकल चौराहा, सिटी रेलवे स्टेशन, पांडेयगंज, अमीनाबाद, गौतमबुद्धा मार्ग और चारबाग शामिल हैं। चारबाग स्टेशन मौजूदा नार्थ-साउथ कॉरिडोर से जुड़ेगा, जो कि मुंशीपुलिया से एयरपोर्ट तक है। ईस्ट-वेस्ट कॉरिडोर रूट पर जाने वालों को चारबाग से मेट्रो बदल कर जाना होगा। इसी प्रकार ईस्ट-वेस्ट कॉरिडोर रूट से एयरपोर्ट और मुंशीपुलिया की तरफ जाने के लिए चारबाग से मेट्रो बदलना होगा।




साइन इन