यूपी में आंबेडकर, रविदास और वाल्मीकि की प्रतिमाओं का भी सौंदर्यीकरण होगा, सीएम योगी का ऐलान
यूपी में आंबेडकर, रविदास और वाल्मीकि की प्रतिमाओं का भी सौंदर्यीकरण होगा। योगी ने बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश भर में जहां इन महापुरुषों की प्रतिमाओं पर बाउंड्री वॉल या छत नहीं है, वहां जल्द ही यह कार्य कराया जाएगा, ताकि उन्हें सम्मानजनक स्वरूप दिया जा सके।

UP News: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बीआर आंबेडकर, संत रविदास और संत महर्षि वाल्मिकी की प्रतिमाओं के सौंदर्यीकरण का भी बड़ा ऐलान किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश भर में जहां इन महापुरुषों की प्रतिमाओं पर बाउंड्री वॉल या छत नहीं है, वहां जल्द ही यह कार्य कराया जाएगा, ताकि उन्हें सम्मानजनक स्वरूप दिया जा सके। सहारनपुर के मनोहरपुर में आयोजित जनसभा में उन्होंने भरोसा दिलाया कि इस दिशा में जल्द ही काम शुरू होगा और महापुरुषों के सम्मान में कोई कमी नहीं रहने दी जाएगी।
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि इकोनॉमिक कॉरिडोर प्रदेश में नई उम्मीदों का सेतु बनेगा और इससे पश्चिमी उत्तर प्रदेश की तस्वीर पूरी तरह बदल जाएगी। उन्होंने कहा कि दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे और उससे जुड़े विकास कार्य क्षेत्र में रोजगार, उद्योग और व्यापार के नए अवसर पैदा करेंगे। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में इस आर्थिक गलियारे को देश को समर्पित किए जाने से पहले मुख्यमंत्री योगी ने सहारनपुर में आयोजित एक जनसभा को संबोधित करते हुए क्षेत्रवासियों को बधाई दी। उन्होंने परियोजना को पूरा करने के लिए प्रधानमंत्री, केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी और भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के अधिकारियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, उपमुख्यमंत्रियों केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक, तथा भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष पंकज चौधरी भी मौजूद थे। ये सभी देहरादून में आयोजित उद्घाटन कार्यक्रम से ऑनलाइन माध्यम से जुड़े।
आदित्यनाथ ने कहा कि दिल्ली-बागपत-सहारनपुर-देहरादून आर्थिक गलियारा इस क्षेत्र के लिए एक बड़ा तोहफा है। इससे आर्थिक गतिविधियों को गति मिलेगी और सड़क संपर्क में उल्लेखनीय सुधार होगा। उन्होंने बताया कि सहारनपुर और दिल्ली के बीच यात्रा का समय, जो पहले पांच से छह घंटे का होता था, अब घटकर करीब ढाई से तीन घंटे रह जाएगा। इसके अलावा, यह गलियारा देहरादून से संपर्क को भी बेहतर बनाएगा, जिससे व्यापार, कृषि और स्थानीय उद्योगों को लाभ मिलेगा।
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि इस परियोजना के जरिए सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर और मेरठ के हस्तशिल्प उत्पाद, कृषि उपज, फल और सब्जियां अब न केवल दिल्ली बल्कि वैश्विक बाजारों तक भी तेजी से पहुंच सकेंगी। उन्होंने कहा कि यह गलियारा किसानों और उद्यमियों के लिए बेहतर मूल्य प्राप्त करने और बाजार तक पहुंच बढ़ाने का प्रभावी माध्यम बनेगा।
सहारनपुर से लेकर जेवर तक यह कॉरिडोर युवाओं के लिए रोजगार के नए द्वार खोलेगा
प्रधानमंत्री मोदी के सहारनपुर से देहरादून रवाना होने के बाद मुख्यमंत्री ने बिहारीगढ़ में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि डॉक्टर बीआर आंबेडकर की जयंती पर यह विकास परियोजनाएं सामाजिक न्याय और प्रगति का संगम हैं। उन्होंने कहा कि सहारनपुर से लेकर जेवर तक यह कॉरिडोर युवाओं के लिए रोजगार के नए द्वार खोलेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि जातिवाद और अराजकता से विकास संभव नहीं है, बल्कि मजबूत इंफ्रास्ट्रक्चर और योजनाओं से ही प्रदेश आगे बढ़ सकता है। इकोनॉमिक कॉरिडोर के जरिए किसानों को उनकी उपज का बेहतर दाम मिलेगा और उद्योगों को बड़ा बाजार उपलब्ध होगा।




साइन इन