होमगार्ड परीक्षा में फर्जीवाड़े की कोशिश, जन्मतिथि बदलने और दूसरे को पेपर दिलाने में चार गिरफ्तार
उत्तर प्रदेश होमगार्ड भर्ती परीक्षा में फर्जीवाड़ा करने वाले गिरोह का पर्दाफाश हुआ है। हापुड़, फतेहपुर, अलीगढ़ और हाथरस से चार लोगों को प्रवेश पत्र में हेरफेर और दूसरे की जगह परीक्षा देने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है।

होमगार्ड भर्ती परीक्षा में भी फर्जीवाड़े की कोशिश की गई है। प्रवेश पत्र पर जन्मतिथि बदलने और दूसरे व्यक्ति द्वारा परीक्षा दिलवाने की कोशिश में चार लोगों को अलग-अलग जिलों से पुलिस ने गिरफ्तार किया है। सोमवार को तीसरे दिन 74 जिलों में 1053 परीक्षा केंद्रों पर दो पालियों में परीक्षाएं हुईं। इन सभी पर मुकदमा दर्ज करवाया गया है और विधिक कार्रवाई की जा रही है।
हापुड में तगासराय स्थित परीक्षा केंद्र चौधरी ताराचंद जनता इंटर कॉलेज में छोटेलाल पुत्र कृपाल सिंह निवासी आजमपुर हुसैनपुर थाना ककोड जिला बुलंदशहर ने अपने प्रवेश पत्र पर जन्मतिथि में हेरफेर करके परीक्षा देने की कोशिश की थी। उसपर थाना कोतवाली देहात में मुकदमा दर्ज कराया गया है और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।
ऐसा ही मामला फतेहपुर के परीक्षा केंद्र में भी आया। वहां के परीक्षा केंद्र राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में विक्रम सिंह पुत्र ओम प्रकाश, निवासी लोधीपुर थाना बाघसराय प्रतापगढ़, ने प्रवेश पत्र पर जन्मतिथि में हेरफेर करके कूटरचित दस्तावेज तैयार किए थे। विक्रम को भी गिरफ्तार करके मुकदमा दर्ज करवाया गया है। अलीगढ़ के परीक्षा केंद्र उदय सिंह जैन कन्या इंटर कॉलेज में बायोमैट्रिक सत्यापन में धोखाधड़ी करने के मामले में अमित कुमार पुत्र ओमकार निवासी दतौजी खुर्द फिरोजाबाद को गिरफ्तार किया गया है।
वह किसी अन्य अभ्यर्थी के स्थान पर परीक्षा देने की कोशिश में था। अमित पर अलीगढ़ के बन्नादेवी थाने में मुकदमा दर्ज करवाया गया है। हाथरस में भी परीक्षा केंद्र वागला इंटर कॉलेज में बायोमैट्रिक सत्यापन के दौरान पाया गया कि अभ्यर्थी की जगह कोई और परीक्षा देने पहुंचा है। परीक्षा देने आए धर्मपाल सिंह पुत्र तिलक सिंह निवासी नगला गोपाल थाना जलेसर, एटा, को गिरफ्तार करके उनके खिलाफ थाना हाथरस गेट में मुकदमा दर्ज करवाया गया है।
बोर्ड ने बताया कि इसके पहले भी 25 व 26 अप्रैल को हुई परीक्षाओं में कूट रचित प्रवेश पत्र तैयार करने के मामले में एटा में तेजवरी सिंह, कानपुर नगर में नकल करते पकड़े जाने पर सहायक अध्यापक अखिलेश यादव, संदीप चंद्र विश्वकर्मा व निर्मल कुमार, परीक्षा के संबंध में यूट्यूब चैनल 'अर्जुन विद रोजगार' व टेलीग्राम चैनल 'यूपी होमगार्ड पेपर' पर भ्रामक सूचनाएं प्रसारित करने पर लखनऊ में मुकदमा दर्ज करवाया गया था।
वहीं, बरेली के परीक्षा केंद्र साहू गोपीनाथ कन्या इंटर कॉलेज में परीक्षार्थी अनुराग पुत्र राज बहादुर निवासी हरिहरपुर थाना टड़ियावां, हरदोई, को दूसरी बार परीक्षा देने की कोशिश में पकड़ा गया था। अनुराग ने 25 को परीक्षा देने के बाद दूसरे नाम से 26 को बरेली के परीक्षा केंद्र पर इम्तिहान देने आया था। सभी को गिरफ्तार करके उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज करवाया गया है।




साइन इन