varanasi businessman beaten to death Mob Lynching over road accident phoolpur bharathara case कार से महिला को धक्का लगने पर कारोबारी की पीट-पीटकर हत्या, वाराणसी में सनसनीखेज वारदात, Uttar-pradesh Hindi News - Hindustan
More

कार से महिला को धक्का लगने पर कारोबारी की पीट-पीटकर हत्या, वाराणसी में सनसनीखेज वारदात

वाराणसी के फूलपुर थाना क्षेत्र के भरथरा गांव में कार से एक महिला को धक्का लगने पर भीड़ ने 40 वर्षीय कारोबारी मनीष सिंह की पीट-पीटकर हत्या कर दी। पुलिस ने 8 नामजद और 7 अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया है।

Mon, 27 April 2026 11:31 AMYogesh Yadav पिंडरा (वाराणसी)। संवाददाता
share
कार से महिला को धक्का लगने पर कारोबारी की पीट-पीटकर हत्या, वाराणसी में सनसनीखेज वारदात

धर्म और शांति की नगरी काशी का ग्रामीण इलाका रविवार रात उस समय दहल उठा, जब मामूली सड़क दुर्घटना ने एक खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। फूलपुर थाना क्षेत्र के भरथरा (घमहापुर) गांव में एक कारखाने के मालिक को केवल इसलिए मौत के घाट उतार दिया गया क्योंकि उसकी कार से एक महिला को हल्की टक्कर लग गई थी। इस मॉब लिंचिंग (भीड़ द्वारा हत्या) की घटना से पूरे जिले में सनसनी फैल गई है।

कारखाने से घर लौटते समय हुआ विवाद

जानकारी के अनुसार, भरथरा निवासी 40 वर्षीय मनीष सिंह अपने घर से कुछ ही दूरी पर स्थित दोना-पत्तल का कारखाना चलाते थे। रविवार रात करीब 11:00 बजे वह कारखाने से काम निपटाकर अपनी कार से घर लौट रहे थे। गांव के रास्ते में उनकी कार से गांव की ही एक महिला बिंदु देवी को धक्का लग गया। टक्कर लगने से महिला के पैर और शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आईं। इस मामूली दुर्घटना के बाद वहां मौजूद ग्रामीण और महिला के परिजन उग्र हो गए।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:हॉस्टल में मिली एमडी छात्रा की लाश, सीनियर डॉक्टर पर लगाए थे अभद्रता के आरोप

लाठी-डंडों और ईंटों से किया जानलेवा हमला

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, घटना के बाद मनीष और ग्रामीणों के बीच कहासुनी हुई, लेकिन देखते ही देखते मामला बेकाबू हो गया। आक्रोशित भीड़ ने मनीष को कार से खींच लिया और उन पर लाठी-डंडों व ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया। मनबढ़ों ने मनीष को तब तक पीटा जब तक कि वह अधमरा नहीं हो गया। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और मनीष को लहूलुहान हालत में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) बसनी ले गए। वहां से गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बीएचयू (BHU) ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

गांव में भारी तनाव, पीएसी और कई थानों की फोर्स तैनात

हत्या की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। एडीसीपी नृपेंद्र कुमार, कार्यवाहक एसीपी अंजनी रॉय और कई थानों के इंस्पेक्टर भारी फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। गांव में तनावपूर्ण शांति को देखते हुए पीएसी (PAC) की टुकड़ी तैनात कर दी गई है। पुलिस ने शव को सुरक्षित शिवपुर मर्चरी हाउस में रखवा दिया है।

मृतक के चाचा अरुण कुमार सिंह की तहरीर पर पुलिस ने 8 नामजद और 7 अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। अब तक 11 संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है, जबकि दो मुख्य आरोपियों की गिरफ्तारी की पुष्टि हुई है। मृतक मनीष सिंह के घर पर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है और हर आने-जाने वाले पर पुलिस की पैनी नजर है ताकि कोई बाहरी भीड़ जमा न हो सके।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:आपस में शादी की जिद पर अड़ी युवतियां, दोनों परिवार लाचार, पुलिस ने खड़े किए हाथ
ये भी पढ़ें:आधी रात भतीजी के कमरे में पकड़ाया चाचा, भोर में दोनों फरार, आहत पिता ने खाया जहर
लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News , Pareet Yadav Death Live और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।