लखनऊ में बिल्डर हत्याकांड के तार पूर्वांचल के शूटरों से जुड़े, जौनपुर समेत कई जिलों में पुलिस ने डाला डेरा
राजधानी लखनऊ में बिल्डर संदीप सिंह की हत्या के तार पूर्वांचल के शूटरों से जुड़ रहे हैं। पुलिस ने संदीप सिंह के गृह जनपद जौनपुर समेत पूर्वांचल के कई जिलों में डेरा डाला है। पुलिस को सीसीटीवी फुटेज से कुछ लीड मिले हैं।

लखनऊ में दिनदहाड़े प्रापर्टी डीलर और बिल्डर संदीप सिंह की हत्या के तार पूर्वांचल से जुड़ रहे हैं। क्राइम ब्रांच समेत पुलिस की 10 टीमें पूर्वांचल के गाजीपुर, जौनपुर, वाराणसी समेत कई अन्य जनपदों में हत्यारों की तलाश में डेरा डाले हुए हैं। पूर्वांचल से जुड़े एक गिरोह के बारे में सीसीटीवी फुटेज और कुछ अन्य साक्ष्यों के आधार पर लीड मिली है। पीजीआई पुलिस, क्राइम ब्रांच और सर्विलांस समेत टीमों ने बुधवार देर रात से लेकर गुरुवार दोपहर तक शूटरों का रूट प्लान तैयार कर लिया।
रायबरेली रोड कल्ली पश्चिम पुलिस चौकी के पास बुधवार को बिल्डर संदीप सिंह (45) की सरेराह सनसनीखेज तरीके से तीन गोलियां मारकर हत्या कर दी गई थी। बिल्डर संदीप की हत्या के बाद बदमाश पीजीआई के सामने से रायबरेली रोड होते हुए किसानपथ पर चढ़े। इसके बाद भागे। अब पुलिस टीम किसान पथ और टोल प्लाजा पर लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाल रही है। चूंकि बदमाशों ने अपना चेहरा कहीं नहीं खोला इस कारण पुलिस अब उनके हुलिए के आधार पर पूर्वांचल के शूटरों से मिलान कर रही है।
प्रापर्टी और रुपयों का विवाद आ रहा सामने
पुलिस का मानना है कि प्रापर्टी और रुपयों का विवाद ही हत्या की मुख्य वजह है। तफ्तीश में लगी पुलिस टीम ने जेल में बंद शूटरों की भी सूची तैयार कर ली है। शुक्रवार को जौनपुर, वाराणसी, गाजीपुर और लखनऊ की जेल में बंद शूटरों से पुलिस पूछताछ करेगी। बिल्डर संदीप सिंह मूल रूप से जौनपुर के सिकरारा टिकारी गांव के रहने वाले थे। यहां पत्नी प्रीति और बच्चों के साथ वृंदावन कालोनी में रहते थे। बुधवार को वह कल्ली पश्चिम पुलिस चौकी के पास कंप्लेक्स में स्थित अपने आफिस जा रहे थे। कांप्लेक्स के बाहर वह कार से उतरे। कार में चालक बैठा था। इस बीच पीछे से आए नकाबपोश बदमाश ने उन्हें ताबड़तोड़ तीन गोलियां मारी थी। इसके बाद बदमाश बाइक से फरार हो गए थे।
जौनपुर के टेकारी गांव में दिखा गम और गुस्सा
सिकरारा (जौनपुर)। जौनपुर के टेकारी गांव निवासी प्रापर्टी डीलर संदीप सिंह का शव गुरुवार को पैतृक गांव पहुंचा तो लोगों में गम और गुस्सा दिखा। परिवार के लोगों ने घटना को अंजाम देने वालों पर कठोर कार्रवाई की मांग की। देर शाम को उनका अंतिम संस्कार जौनपुर के रामघाट पर हुआ। मुखाग्नि बेटे ने दी।
परिजनों ने बताया कि संदीप पीजीआई क्षेत्र स्थित वृंदावन कॉलोनी के पास किराये का कमरा लेकर प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करते थे। बुधवार दोपहर वह कार से कार्यालय जा रहे थे, तभी पहले से रेकी कर रहे बाइक सवार बदमाशों ने उन्हें गोली मार दी। पूरी वारदात आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद प्रदेशभर में चर्चा का विषय बन गया। प्रारम्भिक जांच में घटना को पुराने प्रॉपर्टी विवाद से जोड़कर देखा जा रहा है।
पुलिस और एसटीएफ की टीमें मामले की जांच में जुटी हैं। लखनऊ में प्रॉपर्टी व्यवसाय से जुड़े दर्जनभर लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ किए जाने की जानकारी सामने आ रही है। शव जैसे घर के दरवाजे पर पहुंचा, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। पत्नी प्रीति, पति के शव को देखकर बार-बार बेहोश हो जा रही थीं। पुत्र सार्थक सिंह और पुत्री शीबी भी पिता के शव से लिपटकर बिलख पड़े।




साइन इन