मां को आपत्तिजनक हालत में देख बौखलाया बेटा, ईंट और चापड़ से युवक को उतारा मौत के घाट
लखनऊ में पीजीआई संविदाकर्मी सूरज की हत्या के आरोप में पुलिस ने महिला के बेटे और उसके नाबालिग चाचा को गिरफ्तार किया है। महिला के बेटे ने सूरज को अपनी मां के साथ आपत्तिजनक हालत में देख लिया था। इसी के बाद उसकी हत्या की प्लानिंग की और मौतके घाट उतार दिया।

राजधानी लखनऊ के बिजनौर थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह पीजीआई के संविदाकर्मी सूरज कुमार गौतम की हत्या का मामला सुलझ गया है। पुलिस ने खुलासा किया है कि इस हत्याकांड की वजह अवैध संबंध और 'प्रतिशोध' की आग थी। रविवार को पुलिस ने मुख्य आरोपी (महिला का बेटा) और उसके एक सहयोगी (नाबालिग चाचा) को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपी ने अपना जुर्म कबूल करते हुए बताया कि उसने अपनी मां के साथ मृतक को आपत्तिजनक हालत में देख लिया था, जिसके बाद से ही वह उसकी जान लेने की फिराक में था।
खाली प्लॉट में मिला था लथपथ शव
अशरफनगर-इठुरिया के डेरहवा निवासी 28 वर्षीय सूरज कुमार गौतम उर्फ छोटू, जो पीजीआई में संविदाकर्मी के तौर पर कार्यरत था, उसका शव शनिवार सुबह एक खाली प्लॉट में खून से लथपथ मिला था। डीसीपी (दक्षिण) अमित कुमार आनंद ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और सर्विलांस की कई टीमें लगाई गई थीं। जांच के दौरान घटनास्थल के आसपास के 50 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई, जिसमें दो संदिग्ध युवक भागते हुए दिखाई दिए थे। इसी सुराग के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपियों को दबोच लिया।
अवैध संबंध और 2 महीने पुराना गुस्सा
पूछताछ में महिला के बेटे ने बताया कि उसकी मां के सूरज के साथ पिछले करीब तीन साल से प्रेम संबंध थे। लगभग दो महीने पहले उसने सूरज को अपनी मां के साथ आपत्तिजनक स्थिति में रंगे हाथों पकड़ लिया था। उस समय उसने सूरज को कड़ी चेतावनी दी थी और घर न आने की हिदायत दी थी। इसके बावजूद सूरज ने घर आना नहीं छोड़ा, जिससे आरोपी के मन में नफरत और गुस्से की आग भड़क उठी। लोक-लाज और परिवार की बदनामी के डर से उसने सूरज को रास्ते से हटाने का खौफनाक प्लान बनाया।
शराब पार्टी के बहाने रची मौत की साजिश
हत्या को अंजाम देने के लिए आरोपी ने अपने नाबालिग चाचा को भी शामिल किया। शुक्रवार रात प्लान के मुताबिक आरोपी ने सूरज को फोन कर बुलाया और उसे शराब लाने के लिए पैसे दिए। तीनों एक सुनसान जगह पर शराब पीने बैठे। आरोपियों ने सोची-समझी साजिश के तहत सूरज को सामान्य से कहीं ज्यादा शराब पिलाई ताकि वह विरोध करने की स्थिति में न रहे।
नशे में धुत होते ही किया हमला
जैसे ही सूरज नशे में पूरी तरह धुत होकर लड़खड़ाने लगा, महिला के बेटे ने पहले से छिपाकर रखे चापड़ (धारदार हथियार) से उसके चेहरे पर ताबड़तोड़ प्रहार शुरू कर दिए। हमले से सहमा सूरज लहूलुहान हालत में वहां से भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन नशे के कारण वह चंद कदम दूर जाकर गिर पड़ा। इसके बाद दोनों आरोपियों ने उस पर ईंटों और चापड़ से सिर पर कई वार किए, जिससे मौके पर ही सूरज की मौत हो गई। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल हथियार और ईंट बरामद कर ली है।




साइन इन