up news sambhal hijab religious prayer school teachers suspended case registered संभल में छात्राओं को हिजाब पहनाकर मजहबी प्रार्थना, तीन शिक्षक निलंबित, दो पर केस, Uttar-pradesh Hindi News - Hindustan
More

संभल में छात्राओं को हिजाब पहनाकर मजहबी प्रार्थना, तीन शिक्षक निलंबित, दो पर केस

संभल में पीएम श्री विद्यालय में छात्राओं को हिजाब पहनाकर मजहबी प्रार्थना कराने और हिंदू बच्चों को टोपी पहनाने का गंभीर मामला सामने आया है। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद ऐक्शन शुरू हो गया है।

Mon, 11 May 2026 06:32 AMYogesh Yadav संभल, संवाददाता
share
संभल में छात्राओं को हिजाब पहनाकर मजहबी प्रार्थना, तीन शिक्षक निलंबित, दो पर केस

UP News: संभल विकास खंड की ग्राम पंचायत जालब सराय स्थित पीएम श्री विद्यालय में छात्राओं को हिजाब पहनाकर मजहबी प्रार्थना कराने का मामला सामने आने के बाद प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है। सोशल मीडिया पर वीडियो और फोटो वायरल होने के बाद शिक्षा विभाग की जांच में तीन शिक्षकों को निलंबित कर दिया गया, जबकि दो शिक्षकों के खिलाफ नखासा थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया है। मामले की विस्तृत जांच के लिए डीएम ने सीडीओ की अध्यक्षता में कमेटी गठित की है। हालांकि हिन्दुस्तान वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है।

गांव जालब सराय स्थित पीएम श्री विद्यालय की छात्राओं के हिजाब पहनकर मजहबी प्रार्थना करने के फोटो और वीडियो कुछ दिन पहले सोशल मीडिया पर वायरल हुए थे। मामला सामने आने पर बेसिक शिक्षा अधिकारी अलका शर्मा ने आठ मई को विद्यालय की जांच कराई। जांच के दौरान विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक और स्टाफ अनुपस्थित मिले। वायरल फोटो और वीडियो की पड़ताल में सामने आया कि ये तस्वीरें उस समय की हैं, जब विद्यालय में मोहम्मद अंजार प्रधानाध्यापक के पद पर तैनात थे। वर्तमान में विद्यालय का प्रभार वालेश कुमार के पास है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:गंगा एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा, टायर फटा, कई बार पलटी डबल डेकर बस, मची चीख पुकार

जांच में शिक्षक मोहम्मद गुल एजाज का नाम भी सामने आया, जो उर्दू मोल्लिम के रूप में नियुक्त हैं। बीएसए की तहरीर में आरोप लगाया गया है कि वर्ष 2014 से विद्यालय में छात्राओं को मजहबी गतिविधियां कराई जा रही थीं तथा हिंदू बच्चों को टोपी पहनने के लिए भी प्रोत्साहित किया जाता था। मामले को गंभीर मानते हुए मोहम्मद अंजार अहमद और मोहम्मद गुल एजाज को निलंबित कर दिया गया। साथ ही दोनों के खिलाफ नखासा थाने में संबंधित धाराओं में मुकदमा भी दर्ज कराया गया है। वहीं वर्तमान प्रभारी वालेश कुमार को भी लापरवाही बरतने और उच्चाधिकारियों को सूचना न देने के आरोप में निलंबित किया गया है।

थाना प्रभारी उमेश सोलंकी ने बताया कि बीएसए की तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। उधर, डीएम अंकित खंडेलवाल ने पूरे प्रकरण की विस्तृत जांच के लिए सीडीओ की अध्यक्षता में कमेटी गठित कर दी है। सोमवार को एसडीएम संभल समेत टीम विद्यालय पहुंचकर जांच करेगी। जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:स्मार्ट मीटर वालों के लिए एक और खुशखबरी, इसी महीने से वापस होंगे 200 करोड़
ये भी पढ़ें:प्रीपेड स्मार्ट मीटर की सिक्योरिटी को लेकर देर रात बदला नियम; मिली बड़ी राहत

डीएम अंकित खंडेलवाल के अनुसार पीएम श्री विद्यालय जालब सराय के फोटो और वीडियो मिलने के बाद दो शिक्षकों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि फोटो और वीडियो कब के हैं। विस्तृत जांच के लिए सीडीओ की अध्यक्षता में टीम गठित कर दी गई है। सोमवार को जांच कर रिपोर्ट सौंपी जाएगी, जिसके बाद आगे की कार्रवाई होगी।

लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News , Pareet Yadav Death Live और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।