वाराणसी के हाईफाई शॉपिंग कॉम्प्लेक्स में मिली युवक की लाश; शरीर पर ब्लेड से चोट के निशान
वाराणसी के मलदहिया स्थित विनायक प्लाजा में एक 28 वर्षीय दक्षिण भारतीय युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। युवक के गले और पैर पर कट के निशान मिले हैं। पुलिस को मौके से एक 'सॉरी' नोट और आईडी कार्ड मिला है।

वाराणसी के व्यस्ततम इलाके मलदहिया स्थित 'विनायक प्लाजा' में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब परिसर के ए-ब्लॉक के दूसरे तल पर एक 28 वर्षीय युवक का शव बरामद हुआ। मृतक की पहचान दक्षिण भारतीय युवक के रूप में हुई है। शव की हालत और घटनास्थल के साक्ष्यों ने पुलिस के सामने हत्या और आत्महत्या का पेचीदा सवाल खड़ा कर दिया है।
जानकारी के अनुसार, विनायक प्लाजा के ए-ब्लॉक के दूसरे तल पर एक खाली दुकान के बगल में स्थित पोर्च में युवक का शव पीठ के बल पड़ा मिला। इस जगह पर एसी के आउटडोर उपकरण और कुछ कबाड़ रखा हुआ था। सूचना मिलते ही सिगरा इंस्पेक्टर संजय मिश्रा, एसओजी और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गई। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए डीसीपी काशी जोन गौरव बंसवाल, एडीसीपी वैभव बांगर और एसीपी चेतगंज शुभम सिंह भी घटनास्थल पर पहुंचे और बारीकी से निरीक्षण किया।
शरीर पर मिले चोट और कट के निशान
पुलिस के अनुसार, युवक के शरीर पर कई जगह चोट के निशान हैं। उसके गले पर गहरा कट मिला है, जबकि माथे पर दाईं तरफ भी चोट के निशान पाए गए हैं। इसके अलावा, बाएं पैर के निचले हिस्से में भी ब्लेड से कटने के जख्म हैं। युवक ने फुल लोअर के ऊपर एक ट्राउजर पहन रखा था। पुलिस इन निशानों को आत्महत्या के प्रयास से जोड़कर देख रही है, जबकि स्थानीय स्तर पर हत्या की आशंका भी जताई जा रही है।
पर्स से मिला आईडी कार्ड और डायरी में 'सॉरी'
तलाशी के दौरान युवक के पास मौजूद एक डायरी मिली है, जिसमें 'सॉरी' लिखा हुआ एक नोट बरामद हुआ है। साथ ही, उसके पर्स से एक आईडी कार्ड मिला है, जिससे उसकी पहचान और कार्यस्थल का पता चला है। डीसीपी ने बताया कि युवक दक्षिण भारत का रहने वाला था। उसके परिजनों से संपर्क कर यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि वह वाराणसी कब आया था और इस शॉपिंग कॉम्प्लेक्स तक कैसे पहुँचा।
जांच में जुटी टीमें
डीसीपी गौरव बंसवाल का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो पाएगी। पुलिस कॉम्प्लेक्स में लगे सभी सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि युवक की गतिविधियों और उसके साथ किसी अन्य व्यक्ति की मौजूदगी का पता लगाया जा सके। फॉरेंसिक टीम ने मौके से फिंगरप्रिंट्स और अन्य साक्ष्य जुटाए हैं।




साइन इन