प्यार, तकरार फिर कत्ल, यूपी में शादीशुदा प्रेमिका का गला घोट थाने पहुंचा प्रेमी
यूपी के गाजीपुर जिले में प्रेम-प्रसंग का बेहद खौफनाक अंत हुआ। मामूली विवाद में एक युवक ने पहले विवाहित प्रेमिका की दुपट्टे से गला घोटकर बेरहमी से हत्या कर दी। वारदात करने के बाद आरोपी थाने पहुंच गया।

प्यार, तकरार और फिर कत्ल... ;यूपी के गाजीपुर जिले के बहादुरपुर गांव में शुक्रवार को प्रेम-प्रसंग का बेहद खौफनाक अंत हुआ। मामूली विवाद में एक युवक ने पहले विवाहित प्रेमिका की दुपट्टे से गला घोटकर बेरहमी से हत्या की और फिर खुद थाने पहुंच जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस पूरे मामले की जांच पड़ताल कर रही है।
सीओ ब्रजमोहन राय ने बताया कि गाजीपुर के बहादुरपुर गांव निवासी 23 वर्षीय रक्षपाल उर्फ विजय का असोथर के एक गांव निवासी महिला से करीब डेढ़ साल से प्रेम प्रसंग चल रहा था। महिला की शादी करीब सात वर्ष पहले हुसैनगंज के नयापुरवा गांव निवासी एक युवक से हुई थी। पति से अनबन के कारण वह करीब चार साल से मायके में रह रही थी। इसी दौरान रक्षपाल से उसका प्रेम प्रसंग हो गया। रक्षपाल के माता-पिता और भाई करीब दस साल से ललौली के बहुआ में रहते हैं। वह भी अक्सर बहुआ में ही रहता था। इस बीच वह कुछ दिनों से बहादुरपुर गांव में अकेले रहने लगा था। छह मई को वह महिला को अपने साथ लेकर आया था और बहादुरपुर गांव में अपने घर में रखे हुए था। शुक्रवार सुबह दोनों के बीच किसी बात को लेकर झगड़ा होने लगा।
पुलिस मामले की छानबीन कर रही
बताया जा रहा है कि महिला ने उसे छोड़कर किसी दूसरे व्यक्ति से शादी की बात कही थी। इस पर आक्रोशित आरोपी ने दुपट्टे से गला घोटकर प्रेमिका की हत्या कर दी। इसके बाद वह ललौली थाने पहुंचा और घटना की जानकारी दी। घटनास्थल गाजीपुर में होने के कारण ललौली पुलिस ने युवक को हिरासत में लेकर गाजीपुर थाना पुलिस को सूचना दी। युवक को लेकर पुलिस बहादुरपुर गांव पहुंची और शव को बाहर निकालकर कब्जे में लिया। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।




साइन इन