प्रशासन की सुनेंगे, तुम्हारी नहीं; मीट की दुकान बंद कराने गए लोगों को दुकानदारों ने दौड़ाया, भारी बवाल
सहारनपुर में नवरात्र के पहले दिन हंगामा हो गया है। शहर के कुछ इलाकों में खुली मीट दुकानों को बंद कराने के लिए हिंदू संगठन के कार्यकर्ता पहुंच गए। इस दोनों पर जमकर बहसबाजी और फिर भिड़ंत हो गई।

Saharanpur News: यूपी के सहारनपुर में नवरात्र के पहले दिन हंगामा हो गया है। शहर के कुछ इलाकों में खुली मीट दुकानों को बंद कराने के लिए हिंदू संगठन के कार्यकर्ता पहुंच गए। कार्यकर्ताओं ने मीट की दुकानों को बंद करने को कहा, तो दुकानदारों ने मना कर दिया। इस बार दोनों के बीच जमकर बहसबाजी शुरू हो गई। देखते ही देखते बवाल हो गया। कुछ देर बाद मीट विक्रेताओं ने हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं को दौड़ा लिया। जान बचाने के लिए भागे कार्यकर्ता सीधे कोतवाली पहुंच गए। कार्यकर्ताओं ने पुलिस से कार्रवाई की मांग करते हुए हुए सड़क के बीचो-बीच चौराहे पर बैठ गए, जिससे जाम की स्थिति उत्पन्न हो गई। पुलिस को खबर लगते ही मौके पर पहुंची और कार्यकर्ताओं को कार्रवाई का आश्वासन देकर जाम को खुलवाया। कार्यकर्ताओं ने मीट दुकानदारों पर मारपीट का भी आरोप लगाया।
पूरा मामला बेहट कस्बे का बताया जा रहा है। नवरात्र पर मीट की दुकानें खुली होने पर हिंदू संगठनों ने नाराजगी जताई। गुरुवार को वह मीट की दुकानों को बंद कराने के लिए पहुंच गए, लेकिन विक्रेताओं ने पुलिस-प्रशासन का हवाला देकर दुकानें बंद करने से मना कर दिया। दुकानदारों का कहना था कि अगर पुलिस-प्रशासन का आदेश होगा तो दुकानें बंद कर दें, लेकिन तुम लोगों की बातें नहीं मानेंगे। इसी बीच दोनों ओर से बहसबाजी शुरू हो गई और बात हाथापाई तक पहुंच गई। नोकझोंक हो ही रही थी कि मीट विक्रेताओं ने हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं को दौड़ा लिया। इतना ही नहीं मीट विक्रेताओं के समर्थन में मोहल्ले के लोग भी आ गए।
भागकर कोतवाली पहुंचे कार्यकर्ता
लामबंद होकर कार्यकर्ताओं का पीछा करने लगे। अपने पीछे बड़ी तादाद में लोगों को आता देखकर हिंदू संगठन के कार्यकर्ता सीधे कोतवाली पहुंच गए। संगठन के लोगों ने आरोप लगाया कि भीड़ ने उन पर धारदार हथियारों से हमला किया। उनके साथ मारपीट भी की गई है। उन्होंने पुलिस से कार्रवाई की मांग करते हुए शाकंभरी तिराहे पर बीचो-बीच बैठ गए और जाम लगा दिया। सड़क पर जाम लगने से दोनों ओर से वाहनों की लंबी-लंबी कतारें लग गई।
क्या बोली पुलिस
हिंदू संगठन के जाम लगाने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने जाम को खुलवाया और हिंदू संगठन के नाराज कार्यकर्ताओं को कार्रवाई का आश्वासन देकर शांत कराया। पुलिस ने बताया कि निष्पक्षता से जांच की जा रही है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर दोषियों की पहचान की जाएगी। फिलहाल क्षेत्र में माहौल को देखते हुए पुलिस फोर्स को तैनात कर दिया गया है।




साइन इन