यूपी: जिस तेंदुए को देखकर फैला था डर, वो जंगल में मरी पाई गई; मौत पर सस्पेंस
मादा तेंदुआ पिछले कई दिनों से वनग्राम अचलगढ़ और आसपास के क्षेत्रों में लगातार देखी जा रही थी। भय का माहौल बना हुआ था। तेंदुए की गतिविधियों और संभावित हमलों को देखते हुए वन विभाग लगातार निगरानी कर रहा था। ऐसे में अचानक उसका शव मिलने से कई तरह के सवाल खड़े हो गए हैं।

UP News : उत्तर प्रदेश के महराजगंज के सोहगीबरवा वन्यजीव प्रभाग के लक्ष्मीपुर रेंज के तहत अचलगढ़ बीट क्षेत्र में हफ्तों से दहशत का पर्याय बनी मादा तेंदुए का शव रविवार को जंगल में संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। तेंदुए की मौत की वजह पर सस्पेंस बना हुआ है। मृत हालत में तेंदुए के मिलने से वन विभाग में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही विभागीय अधिकारी और कर्मचारी मौके पर पहुंच गए तथा जांच शुरू कर दी गई।
बताया जा रहा है कि यही तेंदुआ पिछले कई दिनों से वनग्राम अचलगढ़ और आसपास के क्षेत्रों में लगातार देखी जा रही थी। ग्रामीणों में उसके कारण भय का माहौल बना हुआ था। तेंदुए की गतिविधियों और संभावित हमलों को देखते हुए वन विभाग लगातार निगरानी कर रहा था। ऐसे में अचानक उसका शव मिलने से कई तरह के सवाल खड़े हो गए हैं। तेंदुआ मादा थी और उसकी उम्र लगभग आठ वर्ष बतायी जा रही है। घटना की खबर फैलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुटने लगी। वन विभाग की टीम ने क्षेत्र को घेरकर जांच-पड़ताल शुरू कर दी है। फिलहाल तेंदुए की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका स्पष्ट कारण सामने नहीं आ सका है। रेंजर वेदप्रकाश शर्मा ने बताया कि सूचना मिलने के बाद टीम को मौके पर भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही तेंदुए की मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा।
पिछले दिनों पेड़ पर आराम फरमाते दिखा था तेंदुआ
पिछले दिनों एक तेंदुआ महराजगंज के लक्ष्मीपुर वन विभाग के अचलगढ़ बीट के मानिकतालाब के पास दिखा था। तेंदुआ पेड़ की टहनी पर आराम फरमा रहा था और उसको देख नीचे कुछ युवक रील बना रहे थे। इसका एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल भी हो रहा है। हालांकि वायरल वीडियो की सत्यता की पुष्टि ‘लाइव हिन्दुस्तान’ नहीं करता है। लोगों का कहना है कि तेंदुआ गर्मी और उमस से बेहाल पेड़ की ऊंची टहनी पर बैठकर आराम फरमा रहा था। उसके वजन से पेड़ की टहनी ऊपर-नीचे हो रही थी। वातावरण और पर्यावरण का तेंदुआ खूब लुत्फ उठा रहा था। वहीं लक्ष्मीपुर जंगल के इर्द-गिर्द गांव के बच्चे इस मंजर को अपने मोबाइल में कैद करने लगे थे। युवकों में रील बनाने की होड़ लग गयी थी। कुछ किशोर और युवा लकड़ी का डंडा लेकर खड़े दिख रहे थे।
इस पर वन विभाग के अधिकारियों ने लोगों को चेतावनी दी थी। लक्ष्मीपुर वन क्षेत्राधिकारी वेदप्रकाश शर्मा ने स्थानीय ग्रामीणों और विशेषकर युवाओं को इस संबंध में सख्त हिदायत दी था। कहा था कि तेंदुआ एक बेहद संवेदनशील और हिंसक वन्यजीव है। उसके नजदीक जाकर रील बनाना वन्यजीव कानून का उल्लंघन तो है ही, साथ ही यह सीधे-सीधे मौत को दावत देने जैसा है। विभाग ने चेतावनी दी है कि यदि कोई भी व्यक्ति वन्यजीवों को परेशान करते या उनके साथ रील बनाते पकड़ा गया, या सोशल मीडिया पर वीडियो बनाकर वायरल किया तो उसके खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।




साइन इन